लौट रहा है Covid-19, बीते 24 घंटे में 5676 नए कोरोनावायरस केस दर्ज

नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। आज लगातार तीसरे दिन भी कोविड-19 केस 6 हजार के करीब मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय से मंगलवार 11 अप्रैल को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 5676 नए केस सामने आए हैं। 10 अप्रैल को यह संख्या 5,880 और 9 अप्रैल को 5,357 कोरोना वायरस केस दर्ज किए गए थे। मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार अब कोरोना वायरस के एक्टिव केस 37,093 हो गए हैं। देश में पिछले 24 घंटों में 21 मौतें दर्ज की गईं हैं। इस आंकड़े के बाद देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 53,10,00 हो गई। मृत्यु दर 1.19 फीसद दर्ज की गई है। इसके साथ ही अब तक देश में कोरोना वायरस वैक्सीन की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। देशभर में सोमवार को अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में ‘मॉक-ड्रिल’ की गई। यह ‘मॉक-ड्रिल’ मंगलवार को भी जारी है।

कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर 4,47,68,172 हुई
देश में कोविड-19 संक्रमण के नए मामले से जनता में चिंता की लहर दौड़ गई है। कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर 4,47,68,172 हो गई है। एक्टिव केस की संख्या कुल संक्रमितों का 0.08 प्रतिशत है। राष्ट्रीय कोविड-19 रिकवरी दर 98.73 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है।

कोरोना वायरस से बीते 24 घंटों में 21 संक्रमितों की हुई मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, 21 लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 5,31,000 हो गई है। केरल में 6, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में तीन-तीन, कर्नाटक में दो, जबकि गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में एक-एक मरीज की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *