डॉ. अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 16 अप्रैल को होगा महाकुंभ का आयोजन
ग्वालियर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में ग्वालियर में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 16 अप्रैल को हितग्राहियों के महाकुंभ का आयोजन होगा। इस राज्य स्तरीय आयोजन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग सहित सभी समुदायों के लगभग एक लाख हितग्राहियों के हिस्सा लेने का अनुमान है। ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित होने वाले इस आयोजन में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा खजुराहो सांसद एवं प्रदेशअध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण भी शामिल होंगे। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती पल्लवी जैन के साथ जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर इस आयोजन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।
बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने जा रहे इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सभी व्यवस्थायें उच्च कोटि की हों। उन्होंने कहा कि पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थायें ऐसी हों जिससे ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों से आने वाले हितग्राही सुगमता से और बिना किसी परेशानी के कार्यक्रम स्थल पर पहुँच सकें। कार्यक्रम स्थल पर ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखकर पेयजल व ओआरएस की पुख्ता व्यवस्था रहे। साथ ही कहा कि प्रदर्शनी ऐसे स्थान पर लगाई जाएँ, जिससे हितग्राही आसानी से वहाँ पहुँच सकें।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के जो हितग्राही सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर सफल उद्यमी, डॉक्टर व इंजीनियर बने हैं एवं अन्य क्षेत्रों में सफलता की ऊँचाईयों पर पहुँचे हैं, उनके लिए कार्यक्रम में अलग से मंच बनाया जाए। जहाँ से वे अपनी सफलता की गाथा कार्यक्रम के प्रतिभागियों के साथ साझा कर सकें।
