नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह बोले सिंधिया को चार महीने के लिए बनाए मुख्यमंत्री
ग्वालियर. चंबल में चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस बीजेपी को टारगेट करने की बजाय सिंधिया पर निशाना साध रही है। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने सिंधिया पर चुटकी लेते हुए कहा कि मैं चाहता हूं कि सिंधिया जी को कांग्रेस की सरकार गिराने का फल BJP को देना चाहिए और 4 महीने के लिए सिंधिया जी मुख्यमंत्री बना देना चाहिए क्योंकि इसके बाद तो कांग्रेस की सरकार आ जाएगी। डॉ. गोविंद सिंह के सिंधिया पर दिए गए तंज को लेकर बीजेपी के मंत्री तुलसी सिलावट ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और गोविंद सिंह को सपने में भी सिंधिया जी नजर आते हैं।
बता दें कि ग्वालियर चंबल अंचल में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे कांग्रेस केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर आक्रामक होती जा रही है। खासतौर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह इन दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ आक्रामक बयान बाजी कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि मैं सिंधिया को सीएम बनाने का पक्षधर हूं, मैं चाहता हूं कि सिंधिया जी को 4 महीने के लिए मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाए। सिंधिया जी को जिस कांग्रेस पार्टी ने सींचा था वह उसे धोखा देकर गए, BJP को उसका फल उनको नवंबर तक सीएम बनांकर देना चाहिए। दिसंबर में कमलनाथ जी के नेतृत्व में सचिवालय पर कांग्रेस का झंडा फहराया जाएगा।
