महाकाल मंदिर के दर्शन करने पहुंचे थे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, नंदी हॉल में जबरन घुसे समर्थक, जमकर हंगामा

उज्जैन. गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा गुरुवार दोपहर उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर गर्भगृह के बाहर से ही पूजन – अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसी बीच गृहमंत्री के साथ आए समर्थक जबरन नंदी हॉल में प्रवेश कर गए। इससे हंगामे की स्थिति बन गई। गृहमंत्री बड़नगर रोड पर चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचे थे। वे अपने 50 से अधिक समर्थकों के साथ आए थे। नंदी हॉल में प्रवेश के दौरान गृहमंत्री के साथ बड़ी संख्या में समर्थक जबरन अंदर घुस गए। पुलिस और मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन वे जबरन प्रवेश कर चांदी द्वार तक पहुंच गए। ऐसे में मंदिर प्रशासक को मोर्चा संभालना पड़ा।

कार्यकर्ताओं को गर्भगृह के सामने से हटाया
महाकाल मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी और सहायक प्रशासक लोकेश चौहान ने मोर्चा संभाला और कुछ लोगों को पकड़कर बाहर किया। कुछ देर के लिए मंदिर में हंगामे की स्थित बन गई। बड़ी मुश्किल से कार्यकर्ताओं को गर्भगृह के सामने से हटाया गया। मंदिर प्रशासक संदीप सोनी ने कहा कि CCTV दिखवा रहे हैं। कुछ लोगों ने अनधिकृत प्रवेश किया था। उन्हें बाहर कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *