चंबल जोन में पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अवैध आग्नेय अस्त्र किए बरामद

चंबल जोन में पुलिस ने कुल 105 अवैध आग्नेय अस्त्र और 121 राउंड एम्युनेशन बरामद कर 107 अपराधियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, प्रदेशभर में पुलिस द्वारा अवैध हथियारों का निर्माण, कारोबार करने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चंबल पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अवैध आग्नेयास्त्र रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी संख्या में अवैध हथियार और आग्नेयास्त्रों को जब्त किया है। पुलिस द्वारा ये गिरफ्तारियां और बरामदगियां निरंतर वाहन चेकिंग के दौरान, मुखबिर सूचना के आधार पर एवं अन्य माध्यमों से संज्ञान में आने पर की गई।
पुलिस ने 5 दिन चलाया अभियान
उल्लेखनीय है कि चंबल जोन में अवैध आग्नेय अस्त्रों के प्रयोग को रोकने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने 26 से 30 मार्च तक अवैध हथियार और आग्नेयास्त्रों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के दौरान चंबल जोन के मुरैना, भिंड और दतिया जिलों में दिन-रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराधियों से बड़ी संख्या में कट्टे, बंदूकें आदि बरामद किए गए हैं।
सुशांत सक्सेना के दिशा–निर्देशन में कार्रवाई
चंबल जोन के आईजी सुशांत सक्सेना द्वारा विगत दिनों भिंड, मुरैना, दतिया व श्योपुर के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में अवैध आग्नेयास्त्रों की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया था। आईजी महोदय के निर्देशों के परिपालन में सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत पुलिस ने कुल 105 अवैध आग्नेय अस्त्र और 121 राउंड एम्युनेशन बरामद किए हैं। अभियान के दौरान कुल 107 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, पुलिस ने 21 दो पहिया वाहन और 1 चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है। अभियान के दौरान पुलिस ने दूसरे व्यक्तियों के नाम पर दर्ज लायसेंसी हथियार लेकर चलने वाले 04 लोगों को भी गिरफ्तार किया और उनसे 04 अस्त्र जब्त किए। कट्टे-बंदूक आदि के साथ रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती बरतते हुए प्रकरण दर्ज किए हैं और रील्स के आधार पर अवैध हथियार रखने वालों को हिरासत में लिया है।
सूचना–तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर धरपकड़
मध्यप्रदेश पुलिस अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी करने वालों को निरंतर निशाना बना रही है। मध्यप्रदेश के कई जिलों से दूसरे प्रदेशों के तस्कर अवैध हथियार लाने का काम करते हैं। प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में दूसरे प्रदेश से अवैध हथियार लाने वाले इन तस्करों को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है साथ ही सूचना तंत्र के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है।
जनता की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम पुलिस का मुख्य उद्देश्य
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों और अवैध हथियारों का कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षा प्रदान करना और अपराधों की रोकथाम करना है। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों पर नियंत्रण के लिए प्रदेश के भोपाल कमिश्नरेट, इंदौर कमिश्नरेट, इंदार ग्रामीण, जबलपुर, चंबल, ग्वालियर, उज्जैन सहित सभी जोनों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एक जनवरी से 15 फरवरी तक पुलिस ने प्रदेश में कुल 1297 प्रकरण दर्ज कर 1660 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त करते हुए पिस्टल, रिवाल्वर, देसी कट्टा, बंदूक, तलवार सहित 854 अवैध हथियार जब्त किए थे। वहीं इस बार चंबल संभाग में सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस जब्त कर कई अपराधियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *