ग्वालियर में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की नजर, दिए गए निर्देश
ग्वालियर. सड़क पर पुलिस दिखना चाहिए लोगों को इसका अहसास भी होना चाहिए। यातायात सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ थानों का फोर्स भी काम करेगा। यह देखेंगे कि कहां पार्किंग हो सकती है। जरूरत पड़े तो पब्लिक से संपर्क कर यातायात की समस्या का समाधान पुलिस करेगी। जनसुनवाई में महिला थाने और क्राइम ब्रांच की टीम भी बैठेगी। यह निर्देश एसएसपी राजेश चंदेल ने शहर और देहात के पुलिस अधिकारियों के साथ पहली मीटिंग में दिए। एसएसपी चंदेल ने पुलिस अधिकारियों से कहा शहर में यातायात की समस्या सामने आई है। तीन सवारी, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले और बिना नंबर के वाहन चलाने वालों पर फोकस होना चाहिए, जिन इलाकों में जाम लगता है। उसका क्या कारण है। यह पता करो। थाना पुलिस इसमें ट्रैफिक पुलिस की मदद करेगी। उन्होंने कहा गुंडों और हिस्ट्रीशीटर पर कसावट दिखना चाहिए। जो अपराधी एक्टिव हैं। उन पर नजर रखो।
सरकारी स्कूल के मेनगेट पर कैमरे लगाएं
गर्ल्स स्कूल और कॉलेज के आसपास बदमाशी करने वालों पर कसावट के लिए भी एसएसपी ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा ऊर्जा डेस्क की महिला टीम गर्ल्स स्कूल और कॉलेज के संपर्क में रहेंगी। छात्राओं से उनका संवाद होना चाहिए। महिला पुलिस अधिकारी कोशिश करेंगी, सरकारी स्कूल के मेनगेट पर सीसीटीवी लगाए जाएं।
जनसुनवाई में महिला पुलिस भी रहेगी
एसएसपी ने कहा जनसुनवाई में महिला थाने का फोर्स भी रहेगा। क्योंकि महिलाएं भी जनसुनवाई में शिकायत लेकर आती हैं। उनकी परेशानी को महिला पुलिस तुरंत सुने और उसका समाधान करेगी। इसके अलावा क्राइम ब्रांच के अधिकारी भी जनसुनवाई में रहेंगे।
