राहुल को सरकारी बंगला खाली करना होगा, लोकसभा की हाउसिंग कमेटी ने भेजा नोटिस
नई दिल्ली. राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद अब लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने उन्हें सरकारी आवास खाली करने को लेकर नोटिस जारी किया है। कमेटी ने 22 अप्रैल तक 12 तुगलक रोड का सरकारी आवास खाली करने का आदेश दिया है। नोटिस के बाद राहुल को एक महीने के अंदर आवास खाली करना होगा। सूरत कोर्ट ने मानहानी केस में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद पिछले शुक्रवार को उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
विपक्ष का ब्लैक प्रोटेस्ट
अडाणी मामले पर सोमवार को विपक्ष ने ब्लैक प्रोटेस्ट किया। इसमें 17 विपक्षी दल शामिल हुए। सोनिया गांधी भी काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचीं। उधर, लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा किया। एक सांसद तो लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के आसन तक पहुंच गया और काला कपड़ा लहराने लगा। यह देख स्पीकर सभा को स्थगित कर चले गए। दरअसल, सुबह 11 बजे जैसे ही दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे राज्यसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही को 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। 2 बजे राज्यसभा की कार्यवाही और 4 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन हंगामे के कारण इन्हें मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

