जम्मू कश्मीर के बारामूला में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी गिरफ्तार, भारी हथियार बरामद
जम्मू कश्मीर. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बारामूला पुलिस ने बताया कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद कल खुर्शीद अहमद खान और रियाज अहमद खान को बारामूला से पकड़ा है। पुलिस को उनके पास से भारी मात्रा में हथियार मिल है। बताया जा रहा है कि उनसे 2 एके-47 मैगजीन, एके-47 के 15 राउंड, प्रतिबंधित LeT (TRF) के 20 पोस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए करते थे काम
बारामूला पुलिस ने पकड़े गए आतंकियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान लश्कर के आतंकियों ने खुलासा किया कि वे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन LeT (TRF) के साथ आतंकवादी सहयोगियों के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों ने कुंजेर और आसपास के क्षेत्रों में आतंकवादी हरकतें करने में इन हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।
सुरक्षाबलों ने चलाया था तलाशी अभियान
पुलिस प्रवक्ता ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के मोंचखुद कुंजेर गांव में आतंकवादियों की उपस्थिति की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि दो संदिग्ध व्यक्तियों खुर्शीद अहमद खान और रियाज अहमद खान को पकड़ा गया है। दोनों आतंकी जांडपाल कुंजेर के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि दोनों आतंकियों के खिलाफ यूए (पी) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज़ किया गया है।

