CM हाउस में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक, कैलाश विजयवर्गीय बोले रुटीन मीटिंग थी
भोपाल. मध्यप्रदेश में बीजेपी संगठन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। इसी को लेकर सीएम हाउस में मध्यप्रदेश बीजेपी के कोर ग्रुप की मीटिंग बुलाई गई थी। बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली। बैठक शाम 6 बजे शुरू हुई थी। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेता सीएम हाउस से निकल गए। नेताओं ने मीडिया से चर्चा नहीं की। वहीं, कैलाश विजयवर्गीय ने सिर्फ इतना कहा कि रुटीन मीटिंग थी। सब बढ़िया हुआ। नई बात नहीं है। सभी नेता मीडिया से बचते नजर आए। बिना बात किए सीएम हाउस से चले गए। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक बैठक में मंत्रियों के प्रभार के जिलों और खाली निगम-मंडलों के संबंध में चर्चा हुई है। इसके अलावा लाडली बहना योजना और बूथ विस्तारक अभियान पर मंथन किया गया। बैठक में CM शिवराज सिंह चौहान भी शामिल रहे।
सिंधिया बीजेपी महासचिव विजयवर्गीय के साथ भोपाल पहुंचे
बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया संघ कार्यालय पहुंचे। कुछ देर यहां रुकने के बाद वे बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर भी गए। इसके बाद बैठक में शामिल होने सीधे सीएम हाउस पहुंच गए। इससे पहले सिंधिया केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इन नेताओं का स्वागत किया। हालांकि करीब 9 बजे सिंधिया बैठक में से एयरपोर्ट के लिए निकल गए, क्योंकि रात में उन्हें दिल्ली रवाना होना था। उन्होंने भी मीडिया से चर्चा नहीं की। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद समेत कोर ग्रुप सदस्य बैठक में शामिल रहे।
संगठनात्मक बैठक हुई
इससे पहले बीजेपी की संगठनात्मक बैठक प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुई। इसमें सभी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक व जिला संयोजक शामिल हुए। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद आदि ने संबोधित किया। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा के विचार, नीतियों और हमारी सरकारों के द्वारा किए जा रहे जनकल्याण के कामों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम हमारे विभिन्न प्रकोष्ठ है। प्रकोष्ठ योजना बना कर हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक आयोजित की गई। इसके बाद सभी विधानसभा संयोजकों की बैठक हुई।

