DGP ने भी लिया प्रशिक्षण में भाग 250 से अधिक स्थानों पर 22000 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीखा सीपीआर देना

पुलिसकर्मियों के परिजन ने भी लिया CPR  का प्रशिक्षण
भोपाल, मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग द्वारा नवाचार करते हुए शनिवार 25 फरवरी को सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पहली बार व्यापक स्तर पर CPR प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यदि किसी व्यक्ति की हृदय गति रुक जाए तो हॉस्पिटल पहुंचने के दौरान सीपीआर जीवन रक्षक की तरह काम करती है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण 29 जनवरी को राजधानी भोपाल के ओल्ड कैंपियन मैदान पर देखने को मिला, जब अन्य साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहे RI दीपक पाटिल को अचानक हार्ट अटैक आने पर वहां उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल CPR  देकर उनकी जान बचाई्। इसी घटनाक्रम से प्रेरणा लेकर मैंने प्रत्येक पुलिसकर्मी और उनके परिजन को CPR  प्रशिक्षण देने के इस कार्यक्रम के आयोजन का विचार किया। नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में DGP सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि CPR का सही ज्ञान और सही समय पर प्रयोग मरीजों की जीवन रक्षा की दिशा में पहला कदम है। यह प्रशिक्षण समाज हित में महती भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान RI  दीपक पाटिल को सीपीआर देकर जीवन रक्षा करने वाले अमन और 2 पुलिस आरक्षकों सोनू सिंह व भीम सिंह को डीजीपी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।


ग्वालियर में  एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा ने भी लिया प्रशिक्षण
जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर में ADGP  डी.श्रीनिवास वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अमित सांघी की उपस्थिति में मेदांता हॉस्पिटल गुड़गांव के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों के लिये कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) प्रषिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मेदांता हॉस्पिटल गुड़गांव से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों का एडीजीपी तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वागत किया गया। प्रशिक्षण के दौरान एडीजीपी ग्वालियर जोन द्वारा स्वयं भी CPR का प्रैक्टिकली प्रशिक्षण प्राप्त किया और उन्होने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण सभी लोगों को प्राप्त करना चाहिए क्योंकि इससे आप किसी आपात स्थिति में किसी पीडि़त को सीपीआर देकर उसकी जान बचा सकते हैं।


क्या है CPR, क्यों है इसकी महत्ता
CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन) एक बहुत महत्वपूर्ण प्रारंभिक उपचार प्रक्रिया है, जो किसी भी घटना/दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति को राहत पहुंचाने अथवा अमूल्य जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकती है। CPR वह प्रक्रिया है, जिसे हृदय गति रुक जाने पर अपनाया जाता है। इस प्रक्रिया में ऑक्सीजन फेफड़ों तक पहुंचती है, जिससे हृदय गति पुन: शुरू हो सकती है। CPR  के प्रयोग से हार्ट अटैक आने पर, हाइपोवॉल्मिक शॉक होने पर, बेहोश होने पर या बिजली का झटका लगने पर या कमजोर दिल वाले व्‍यक्ति को बचाया जा सकता है। CPR जैसी महत्वपूर्ण प्रारंभिक प्रक्रिया के इस प्रशिक्षण से समय रहते पीड़ित व्यक्ति की सहायता कर उनका जीवन बचाया जा सकेगा। यदि प्रत्येक व्यक्ति CPR देना सीख जाएं तो ह्रदयाघात से पीड़ित अधिकांश लोगों की जान बचाई जा सकती है।
CPR से इन्हें मिला नया जीवन
महिला सूबेदार सोनम पाराशर ने बचाई थी बुर्जुग की जान
ग्वालियर में एक महिला सूबेदार सोनम पाराशर ने समय पर एक बुजुर्ग को CPR देकर उनकी जान बचाई और समय पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दरअसल, 12 दिसंबर 2022 को गोले के मंदिर चौराहे पर यातायात पुलिस की महिला उपनिरीक्षक सोनम पाराशर यातायात प्रबंधन संभाल रही थी। तभी एक बुजुर्ग को अचानक दिल का दौरा पड़ा और वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें देखकर महिला उपनिरीक्षक सोनम पाराशर तत्काल वहां पहुंची और सीपीआर देकर उनकी जान बचा ली।
रक्षित निरीक्षक को पड़ा दिल का दौरा पुलिसकर्मियों ने दिया सीपीआर
राजधानी भोपाल के ओल्ड कैंपियन मैदान पर 29 जनवरी 2023 को अन्य पुलिसकर्मियों के साथ क्रिकेट खेल रहे रक्षित निरीक्षक दीपक पाटिल को अचानक दिल का दौरा पड़ा। वह सीने में दर्द के कारण जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल सीपीआर देना शुरू कर दिया। सीपीआर मिलने से आरआई दीपक पाटिल की सांसें दोबारा चलने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें नजदीक के अस्पताल ले गए। अस्पताल में कुछ दिन भर्ती रहने के बाद वे अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
ड्यूटी पर तैनात डीएसपी की बचाई जिंदगी
इंदौर के होलकर स्टेडियम में 24 जनवरी 2023 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए क्रिकेट मैच के दौरान ड्यूटी पर तैनात डीएसपी ध्रुवराज सिंह चौहान को अचानक दिल का दौरा पड़ा। उनके सीने में तेज दर्द के साथ ही मुंह से खून आ गया। यह देख उनके साथ ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी जान बचाई जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *