100 आटो की जांच में पांच के पास नहीं थे परमिट, किए जब्त

ग्वालियर. क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने शहर में दौड़ रहे अवैध आटो रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। झांसी रोड थाने के पास क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित परिवहन निरीक्षकों ने 100 आटोरिक्शा की जांच की, जिसमें पांच आटोरिक्शा के पास परमिट नहीं थे। दो के पास फिटनेस नहीं थी। बिना परमिट वाले आटोरिक्शा को जब्त कर लिया लेकिन इस अभियान के दौरान स्कूल बसों की पड़ताल नहीं की गई।

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर खंडपीठ में अवैध आटोरिक्शा के खिलाफ 2013 से जनहित याचिका लंबित है। हाईकोर्ट ने 20 फरवरी को परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। हर दिन 150 आटोरिक्शा की जांच के आदेश दिए। इस फटकार के बाद परिवहन आयुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय व जिला परिवहन कार्यालयों को आटोरिक्शा के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए है। आयुक्त के आदेश पर आरटीओ, परिवहन निरीक्षकों ने आटोरिक्शा की जांच की। जांच की जानकारी होने पर अवैध रूप से चलने वाले आटोरिक्शा ने अपना रास्ता बदल लिया। इस कार्रवाई में 5 आटोरिक्शा पकड़े गए जिनके पास परिमिट नहीं थे। वहीं यह अभियान एक सप्ताह तक चलाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *