मामा की नागपुर दरबार में हाजिरी से मंत्री परेशान
भोपाल. सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत के दरबार में हाजिरी लगाई, तो इसे कई चश्मों से देखा गया। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारे में इस मुलाकात को किसी बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्यप्रदेश में कैबिनेट विस्तार और निगम मंडल में राजनीतिक नियुक्तियां पेंडिंग है। गुजरात फार्मूले के तहत सरकार में बदलाव की संभावना पर गुणा-भाग और परिणाम भी निकाले जाने लगे। यह भी इसलिए…क्योंकि शिवराज का नागपुर जाने का पहले से कोई प्लान नहीं था। लिहाजा मंत्रालय के अफसर भी बदलाव की सियासी खबरों पर भरोसा करने लगे।
शिवराज नागपुर से भोपाल नहीं आए, बल्कि रीवा चले गए, जहां उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने भोपाल लौटने से पहले रीवा से ही सभी मंत्रियों को एक लाइन का संदेश भिजवाया कि 19 फरवरी (रविवार) को सुबह 9 से रात 9 बजे तक अनिवार्य रूप से भोपाल में रहे। फिर क्या था, कई मंत्री बड़े बदलाव की संभावना पर दिल्ली तक संगठन में अपने संपर्कों से पता करने की कोशिश में लग गए। यह भी खबर फैली कि रीवा में शिवराज और सिंधिया की इस बारे में बात हो चुकी है। निश्चित ही कैबिनेट विस्तार होगा और कई मंत्रियों की छुट्टी हो जाएगी।
हालांकि संघ को करीब से जानने वाले कहते हैं कि ऐसी मुलाकातें राजनीति विषय को लेकर नहीं होती। ऐसे में कयास लगाए गए कि 3 मार्च को सांची में धर्म-धम्म सम्मेलन होने वाला है। जिसमें राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शामिल होना प्रस्तावित है। फिर यह भी कहा गया कि 19 फरवरी को मुख्यमंत्री के पौधारोपण अभियान के दो साल पूरे होने वाले हैं। जिसमें भागवत को आमंत्रित किया गया। बहरहाल, संघ प्रमुख से शिवराज की मुलाकात अब भी एक राज है। क्योंकि उनके साथ गए एक अधिकारी को भी नहीं पता कि आखिर संघ मुख्यालय में शिवराज को क्यों बुलाया गया था और भागवत से मुलाकात के दौरान उनकी क्या बात हुई।
