आज से पेट्रोल 272 रुपए लीटर, 22 रुपए की रिकॉर्ड बढ़ोतरी

नई दिल्ली. पाकिस्तान की सरकार ने बुधवार को लोगों पर टैक्स का भार थोपने वाला मिनी बजट पेश करने के बाद देर शाम पेट्रोल की कीमतों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी कर दी है। वहां पेट्रोल की कीमतें एक दिन में 22 रुपए तक बढ़ा दी गई हैं, जो आज यानी गुरुवार से ही लागू हो गई हैं। इससे वहां पेट्रोल की कीमत पाकिस्तानी करेंसी के हिसाब से 272 रुपए प्रति लीटर हो गई है। पाकिस्तान के फाइनेंस डिवीजन ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आई रिकॉर्ड बढ़ोतरी के पीछे वहां की करेंसी में आई गिरावट को बताया है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान ये सब IMF को रिझाने के लिए कर रहा है। दरअसल लोन देने के लिए IMF ने पाकिस्तान के आगे जो शर्तें रखी थी उनमें से एक यह भी थी कि वो देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाएं।

पाकिस्तान में 33% हो जाएगी महंगाई दर
पाकिस्तान में केवल पेट्रोल ही नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में काम आने वाला केरोसीन, लाइट डीजल और हाई स्पील डीजल के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। जिसके कारण वहां महंगाई और भी ज्यादा बढ़ जाएगी। मूडी एनालिटिक्स के सीनियर इकोनॉमिस्ट कैटरिना एल के मुताबिक इससे 2023 की पहली छमाही में पाकिस्तान में महंगाई दर बढ़कर 33% हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश की इकोनॉमी को वापस ट्रैक पर लाने के लिए IMF का लोन भी काफी नहीं रहेगा।

पाक में एक महीने में करीब 58 रुपए बढ़ी पेट्रोल की कीमत
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें बढ़ने का सिलसिला काफी समय से जारी है। पिछले एक महीने में यहां पेट्रोल की कीमत 58 रुपए तक बढ़ी है। 16 जनवरी को पाकिस्तानी करेंसी के मुताबिक पेट्रोल 214.80 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था। जबकि डीजल की कीमत 227.80 थी। वहीं 13 दिन बाद 29 जनवरी को पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 249.80 रुपए हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *