पाकिस्तान की मस्जिद में धमाका, 29 पुलिसकर्मियों की मौत
पाकिस्तान. पाकिस्तान के पेशावर शहर में पुलिस लाइन्स में बनी मस्जिद के अंदर धमाका हुआ है। ये फिदायीन हमला बताया जा रहा है। अब तक 29 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। 158 लोगों के घायल होने की खबर है। इसमें से 90 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक चश्मदीद ने कहा- नमाज के वक्त मस्जिद में 550 के करीब लोग मौजूद थे। फिदायीन हमलावर बीच की एक लाइन में मौजूद था। यह साफ नहीं हो सका कि वो पुलिस लाइन्स में पहुंचा कैसे, क्योंकि यहां अंदर जाने के लिए गेट पास दिखाना होता है। पुलिस ने बताया कि मस्जिद का एक बड़ा हिस्सा ढह चुका है और माना जा रहा है कि इसके मलबे में कई लोग दबे हैं।
TTP ने जिम्मेदारी ली
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हमले के बाद पाकिस्तान आर्मी ने इलाके को घेर लिया है। इसके करीब ही आर्मी की एक यूनिट का ऑफिस भी है। पुलिस लाइन्स में मौजूद लोगों का कहना है कि ब्लास्ट काफी ताकतवर था और इसकी आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इस इलाके में तहरीक-ए-तालिबान (TTP) पाकिस्तान का खासा दबदबा है और पिछले दिनों इसी संगठन ने यहां हमले की धमकी भी दी थी। घटना के बाद कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। इनमें घायलों को अस्पताल ले जाते देखा जा सकता है।
TTP के निशाने पर पाकिस्तान
पाकिस्तान में TTP के हमले लगातार तेज होते जा रहे हैं। इनकी जद में राजधानी इस्लामाबाद भी आ गई है। पिछले महीने इस्लामाबाद में एक फिदायीन हमला हुआ था। इसमें एक पुलिस अफसर मारा गया था और 6 लोग घायल हो गए थे। इसके बाद शाहबाज शरीफ ने कैबिनेट मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग के बाद होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा था- पाकिस्तान अपनी हिफाजत के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। अगर अफगानिस्तान की तालिबान हुकूमत ने TTP को नहीं रोका तो हम अफगानिस्तान में घुसकर इन आतंकियों को मारेंगे।

