बारिश से ढही दीवार, दबने से एक की मौत
ग्वालियर. वर्षा के कारण भितरवार के ग्राम पलायछा में रात में कच्चे घर की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबकर 35 वर्षीय पूरन सिंह पुत्र राम सिंह कुशवाह की मौत हो गई। पूरन सिंह के भाई भूरा कुशवाह ने बताया कि मंगलवार देर रात एक बजे अचानक जोरदार वर्षा के साथ ओले गिरना शुरू हो गए। वर्षा की आवाज सुनकर बड़े भाई पूरन की नींद खुल गई तो उसने देखा कि घर के आंगन व पिछले हिस्से में भूसा के लिए बने कच्चे मढा में नाली चोक हो जाने से वर्षा का पानी भर गया है और भूसा खराब हो रहा है। वह नाली के पाइप को साफ करने के लिए पिछले हिस्से में चला गया।
इसी दौरान कच्ची मडैया की दीवार में नीचे से पानी बैठ गया और मिट्टी गल गई। इस कारण दीवार भरभरा कर उसके ऊपर आ गिरी, जिसमें वह दब गया। चीख पुकार सुनकर भाभी कृष्णा मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों ने मलबे से भाई को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक अस्पताल भितरवार लेकर आए, जहां से गंभीर हालत में उसे ग्वालियर रेफर किया गया। रास्ते में ही एंबुलेंस में पूरन ने दम तोड़ दिया। पूरन के बड़ा बेटा 7 साल का और छोटा 15 दिन का है।

