MP में मकर संक्रांति से ठंड का दूसरा दौर

भोपाल. मध्यप्रदेश में ठंड से फिलहाल कुछ राहत है। प्रदेश में भोपाल, नर्मदापुरम, मालवा-निमाड़ में रात का पारा 9 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड़, बघेलखंड और महाकौशल के अधिकांश इलाकों में तापमान 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अधिकांश इलाकों में दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री तक ज्यादा चढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गुरुवार को ग्वालियर में दिन का तापमान करीब 5 डिग्री लुढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस आ गया। प्रदेश भर में यह सबसे ठंडा रहा। अगले 48 घंटों के बाद प्रदेश में ठंड का दूसरा दौर शुरू होगा। कई इलाकों में रात का पारा 4 डिग्री या इससे नीचे आ सकता है। इंदौर की रातें पहली बार भोपाल से भी सर्द हो सकती हैं। यहां रात का पारा 8 डिग्री के नीचे जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को इंदौर भोपाल में कहीं-कहीं बादल भी छा सकते हैं।

संक्राति से बढ़ेगी ठंड
बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन संक्राति पर अच्छी ठंड शुरू हो सकती है। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम बादल रह सकते हैं। इस बार संक्राति दो दिन यानी 14 और 15 को है। ठंड के तेवर भी 14 और 15 जनवरी से सख्त हो सकते हैं।

4 दिन ऐसे रहेगा मौसम
मध्यप्रदेश में अगले 4 दिनों के दौरान मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। शुक्रवार यानी 13 जनवरी को प्रदेश के ग्वालियर-चंबल के इलाकों में कहीं-कहीं कोहरा रह सकता है। इसके अलावा प्रदेश में ज्यादा कोई बदलाव नजर नहीं आएगा। 15 जनवरी को प्रदेश के पूर्वी इलाकों ग्वालियर, चंबल, छतरपुर और खजुराहो में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है। सेवियर कोल्ड वेव और कोल्ड डे हो सकते हैं। 16 जनवरी को भी यही स्थिति बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *