ग्वालियर में किराए के घर में रहने वाला अजय फांसी के फंदे पर लटका मिला
ग्वालियर. किराए के घर में रहने वाले 20 वर्षीय अजय शर्मा का शव उसी के घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। बहन जब कोचिंग से लौटी तो मामले का पता चला। भाई को फांसी पर लटका देख बहन के हाथ पांव फूल गए। घटना गोले का मंदिर क्षेत्र के प्रीतम विहार कॉलोनी की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस को दिए बयान में मृतक की बहन ने बताया है कि उनके भाई के हाथ रस्सी से बंधे थे। भाई को बचाने के लिए उसने स्थानीय लोगों की मदद से उसे फंदे से उतारा, उस समय उसके भाई के हाथ खोल दिए थे।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव का कहना है कि घटना की सूचना फोन पर मिली थी कि एक युवक का शव किराए के कमरे में लटका हुआ है और मामला संदिग्ध है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। भाई अजय को फांसी पर लटका देख बहन ने तत्काल जानकारी मुंबई में रहने वाली मां को दी। मां ने मौके पर पहुंची पुलिस से बात की और कहा कि बेटे का शव मेरे ग्वालियर आने के बाद ही कमरे से बाहर निकाला जाए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के शव कमरे में रखा छोड़ दिया है। अब पुलिस मृतक की मां के ग्वालियर पहुचने का इंतजार कर रही है। युवक की मां के ग्वालियर पहुंचते ही युवक के शव को कमरे से बाहर निकाल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
