फ्लाई ओवर का तानसेन नगर चौहान क्रेन से रेसकोर्स रोड तक निर्माणाधीन सडकों का निरीक्षण
ग्वालियर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को सुबह तडके भोपाल प्रवास से लौटकर सीधे निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन से सीधे क्षेत्र में जाकर निर्माणाधीन लक्षमण तलैया रोड, गैंडे वाली सड़क, राजपायगा रोड एवं चौहान क्रेन से रेस कोर्स रोड तक बनाये जा रहे फ्लाई ओवर ब्रिज का जायजा लिया।
सड़कों के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी समस्याओं को अवगत कराया। उन्होंने निर्माणाधीन सडकों पर बार-बार पानी के लीकेज की समस्या से सडक का कार्य चालू न हो पाने की जानकारी दी। जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज ही लक्ष्मण तलैया रोड एवं गेंडे वाली सडक का निरीक्षण करें तथा जहां जहां पानी की लाइन लीकेज हो रहीं हैं उन लाइनों को बदला जाए। साथ ही कहा कि लक्ष्मण तलैया रोड के डामरीकरण का कार्य शीघ्र चालू किया जाए।
उन्होंने गेंडे वाली सडक के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सडकों के दोनो साइड खाली जगह न छूटे। इसके साथ ही पानी के लीकेज की समस्या का निदान शीघ्र करें, जिससे बांकी बची रोड का कार्य शीघ्र चालू हो सके। सडक निर्माण कार्य में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को शिफ्ट किये जाने के लिये संबंधित अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए। उन्होंने राजपायगा रोड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि पानी की बडी लाइन टूटी हुई है, जिस कारण सडक का कार्य रूका हुआ है, जिसे शीघ्र बदलकर एक साइड की रोड अतिशीघ्र बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये । तत्पश्चात उन्होंने तानसेन नगर चौहान क्रेन से रेसकोर्स रोड तक बनाई जा रही सडक एवं फ्लाई ओवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फ्लाई ओवर का कार्य शीघ्र पूर्ण कर एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण करने एवं भव्य द्वार के साथ ही रेसकोर्स रोड पर तिराहा बनाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

