ग्वालियर में ATS की दबिश की खबर से फैली सनसनी
ग्वालियर. आधी रात सुरेश नगर सरकारी मल्टी के B और C ब्लॉक में ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड़) की दबिश की सूचना मात्र से सनसनी फैल गई। लोग समझ रहे थे कि कोई बड़ा अपराधी या आतंकवादी मल्टी में आकर छुपा है। ज्यादातर पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे इसलिए कोई कुछ समझ नहीं पा रहा था। यह दबिश रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चली है। पर पुलिस किसी भी तरह की ATS की कार्रवाई से इनकार कर रही है।
4 आरोपियों की तलाश में टीम पहुंची
जानकारी जुटाई तो पता लगा कि दो दिन पहले ट्रेवल्स एजेंसी के मालिक की हत्या के मामले में इंदरगंज पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर यहां दबिश दी थी। चार आरोपियों की तलाश में टीम पहुंची थी। जावेद नाम के आरोपी मोबाइल लोकेशन पुलिस को वहां खींच लाई थी। इसकी पुष्टि इंदरगंज थाना प्रभारी से हुई है।
थाटीपुर स्थित सुरेश नगर सरकारी मल्टी में आधी रात 15 से 20 पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे। पुलिस के जवानों ने सरकारी मल्टी के B और C ब्लॉक में एक-एक फ्लैट खंगाला, लेकिन जो वह तलाश रहे थे वह नहीं मिला। पुलिस ने चार लोगों को फोटो भी स्थानीय नागरिकों को दिखाए और उनके बारे में पूछताछ की। जब वहां के लोगों ने पूछा कि आप कौन हो तो एक सिविल ड्रेस पहले पुलिसकर्मी ने पूरी कार्रवाई को ATS की कार्रवाई बताया।
ATS की दबिश से भीड़ एकत्रित हो गई
इसके बाद वहां और दहशत फैल गई। ATS आतंकवादियों के संबंध में भी एक्शन लेती है। इसलिए वहां के लोग काफी डर गए। पुलिस ने जिन चार लोगों के फोटो दिखाए थे वह सभी मुस्लिमों के फोटो थे। इससे और दहशत फैल गई। पुलिस की टीमें रात 10 बजे के लगभग सुरेश नगर सरकारी मल्टी में पहुंच गई थी और करीब 6 घंटे तक वहीं रहीं। बी और सी ब्लॉक के हर फ्लैट को खंगाल दिया। सुबह जैसे ही रात को सुरेश नगर मल्टी में ATS की दबिश की सूचना मिली तो वहां भीड़ एकत्रित हो गई। आसपास के लोग घबरा गए।
यह है मामला
दो दिन पहले गेंडेवाली सड़क पर घर से बुलाकर ट्रेवल्स एजेंसी मालिक अजीम की गोली मारकर बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद भागते हुए बदमाश पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हुए थे। हत्या से पहले हमलावरों ने अजीम को घर से बाहर बुलाया था। बात करने के बहाने कुछ दूर ले गए और वहां गाली गलौज हुई फिर गोली मारी गई थी। एक आरोपी की पहचान बॉबी खान के रूप में मौके पर ही हो गई थी। अब पुलिस को इस मामले में चार आरोपियों की तलाश है। इन्हीं की तलाश में सुरेश नगर मल्टी में पुलिस ने दबिश दी थी। इनके पकड़े जाने के बाद ही वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

