MP में 4 बड़ी कंपनियां करेंगी 7775 करोड़ का निवेश
भोपाल. प्रदेश में चार बड़ी कंपनियां 7775 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 5350 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह जानकारी निवेशकों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सोमवार को निवास पर समत्व भवन में मुलाकात कर दी। निवेशकों ने अपने-अपने निवेश प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
इंडियन फास्फेट लिमिटेड 200 करोड़ का निवेश करेगी
चार प्रमुख निवेश कंपनियों के प्रमुखों ने बताया कि इंडियन फास्फेट लिमिटेड 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। ग्रीनको नीमच जिले के गांधी नगर में 7200 करोड़ रुपये, आइटीसी कंपनी सीहोर जिले के औद्योगिक क्षेत्र बढ़ियाखेड़ी में 250 करोड़ रुपये और मेसर्स सिद्धायु लाइफ साइंसेज (वैद्यनाथ) छिंदवाड़ा जिले के खैरीटैगांव में 125 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
CM ने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निवेश की दृष्टि से मध्य प्रदेश एक आदर्श राज्य बना है। राज्य सरकार की नीतियों के अनुरूप निवेशकों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस दौरान औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह और मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड (एमपीआइडीसी) के एमडी मनीष सिंह भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री से मेसर्स ग्रेस वेंचर प्राइवेट लिमिटेड (इंडो रामा लि. का प्रतिष्ठान) के कार्यकारी निर्देशक विशाल लोहिया और अनुपम सिंघानिया ने भी मुलाकात कर प्रदेश में निवेश की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को जनवरी माह में इंदौर में हो रही ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया।

