MP में विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में बैठक, संगठन में हो सकते हैं बड़े बदलाव
नई दिल्ली. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आज बीजेपी की दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। खास बात ये है कि इस बैठक की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बैठक में शामिल होने के लिए सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, संगठन महामंत्री और अन्य सभी पदाधिकारी दिल्ली पहुंच रहे हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि इस बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव के साथ ही अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बन सकती है।
यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुलाई है। बीजेपी की यह बैठक 5 और 6 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित बीजेपी कार्यालय में होगी। इस बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद इस दो दिवसीय बैठक में भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव समेत 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए दुष्यंत गौतम, भूपेंद्र यादव, जय पांडा, सुनील बंसल, जयभान पवैया, वसुंधरा राजे, प्रकाश जावड़ेकर, रविंद्र रैना पहुंचे। खबर है कि इस बैठक के बाद भाजपा में संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव हो सकते हैं।

