नौकरी न मिलने से हताश इंजीनियर ने फांसी लगाई, मौत
ग्वालियर. जॉब न मिलने से हताश होकर एक इंजीनियर ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसी साल मृतक की B.TECH पूरी हुई थी। तभी से वह लगातार मल्टी नेशनल कंपनियों में जॉब के लिए एप्लाई कर रहा था। पर बार-बार इंटरव्यू में आकर उसकी बात अटक जाती थी। यही कारण था कि वह जॉब को लेकर धीरे-धीरे डिप्रेशन में जा रहा था। सोमवार सुबह उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय इंजीनियर को मां-पिता किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सुबह वापस आए तो मामले का पता लगा। घटना गोला का मंदिर प्रगति विहार कॉलोनी की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निगरानी में लिया
शहर के गोला का मंदिर स्थित प्रगति विहार कॉलोनी में रहने वाले 23 वर्षीय पुष्पेन्द्र उर्फ शुभम शर्मा पुत्र जयप्रकाश शर्मा ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जब शुभम शुरू से पढाई में अच्छा था। उसने ग्वालियर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से B.TECH की थी। शुभम की B.TECH इसी साल पूरी हुई थी। तभी से वह एक अच्छी जॉब के लिए तलाश कर रहा था, लेकिन कुछ जगह से मिले रिजेक्शन के कारण वह डिप्रेशन में आ गया था। रविवार को उसके पिता जयप्रकाश शर्मा व मां रेखा शर्मा किसी कि शादी में शामिल होने भिंड गए थे। सोमवार सुबह जब वह वापस लौटे तो देखा कि बेटा अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निगरानी में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खुदकुशी के कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर खुदकुशी के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। जॉब न मिलने के कारण इंजीनियर डिप्रेशन में होने की बात पता चली है।

