MP में राहुल गांधी की रैली में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, CM शिवराज बोले होगी सख्त कार्रवाई

भोपाल. राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मध्य प्रदेश के खरगोन में बड़ा विवाद हो गया। भाजपा का आरोप है कि यात्रा के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए हैं। कांग्रेस ने जहां इसे भाजपा की साजिश बताया है, वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। विवाद सामने आने और दोनों पक्षों की बयानबाजी के बाद शिवराज सिंह ने ट्वीट किया, ‘भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है। पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विवाद पर कांग्रेस की सफाई
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, ‘अत्यधिक सफल Bharat Jodo Yatra को बदनाम करने के लिए भाजपा के डर्टी ट्रिक्स विभाग द्वारा संपादित एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। हम तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने भाजपा के आरोप का खंडन किया और कहा, हमने यात्रा में ऐसा कोई नारा नहीं सुना। राहुल गांधी के समर्थन में हजारों लोग उमड़ रहे हैं, यह देखकर भाजपा बौखला गई है। केके मिश्रा ने उल्टा आरोप लगाया कि साजिशन किसी संघ और भाजपा की विचारधारा के आदमी को रैली में इसके लिए भेजा गया होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *