23 मीटर चौड़ा बनेगा टैक्सी ट्रैक, जल्द शुरू होगा काम, फ्लाइटों का बदल सकता है शेडयूल

ग्वालियर. 500 करोड़ की लागत से बनने जा रहे नए एयर टर्मिनल प्रोजेक्ट के तहत अब टैक्सी ट्रैक तैयार किया जाएगा। मौजूदा रनवे के बगल से ही इस टैक्सी ट्रैक का काम शुरू होना है जोकि 23 मीटर चौड़ा बनेगा। इसी कारण मौजूदा स्थिति में ग्वालियर से जो फ्लाइटें आपरेट की जा रहीं हैं, उनका समय बदल सकता है। विमानों को अलग अलग समय पर कार्य के आधार पर लैंड कराना होगा। टैक्सी ट्रैक का उपयोग रनवे से लेकर एप्रिन एरिया जहां विमान खड़े होते हैं वहां तक किया जाता है। इसके निर्माण को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। उधर हवाई सेवा कंपनियों को भी इसको लेकर अवगत करा दिया गया है।

जो यात्री क्षमता 150 है वह बढ़कार 1500 हो जाएगी
500 करोड़ रूपए की लागत से तैयार होने वाले नए एयर टर्मिनल का काम वर्तमान में चल रहा है। इसका शिलान्यास केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ग्वालियर आकर किया था। नए एयर टर्मिनल के तैयार होने के बाद वर्तमान में जो यात्री क्षमता 150 है वह बढ़कार 1500 हो जाएगी। इसके अलावा इसका निर्माण अत्याधुनिक तकनीक व ग्वालियर के इतिहास व वैभव को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से किया जा रहा है। वहीं एप्रिन एरिया का काम भी चालू है जिसे 30 करोड़ से ज्यादा लागत से बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ समय पहले तेज बारिश के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल धंसक गई थी जिसके बाद जांच करने के निर्देश भी दिए गए थे। केंद्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की ओर से आने वाले पानी के कारण भी यह होना बताया गया। अब इसी समस्या को दूर करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम नगर निगम की ओर से तैयार कराया जाएगा।

टैक्सी ट्रैक: रनवे से रोलिंग पर चलने वाला होता है ट्रैक
टैक्सी ट्रैक उस ट्रैक को कहा जाता है जहां रनवे पर विमान लैंड होने के बाद रोलिंग पर धीरे धीरे चलता है और उस स्थान पर पहुंच जाता है जहां यात्रियों को उतारा जाना होता है। यहां से यात्री मुख्य बिल्डिंग तक पहुंचते हैं। यह 23 मीटर चौड़ा तैयार किया जा रहा है। माैजूदा स्थिति में जो रनवे है वहीं बगल से यह टैक्सी ट्रैक बनेगा और सिविल वर्क शुरू होगा।

विमानों को एक एक उतारा जाएगा
टैक्सी ट्रैक के काम को पूरा होने तक विमानों के शेडयूल पर प्रभाव पड़ सकता है, काम चलने के दौरान विमानों के समय से लेकर संख्या तक में आवश्यक बदलाव के दिशा निर्देश जारी किए जा सकते हैं। इस महत्वपूर्ण काम को समय सीमा के तहत पूरा किया जाएगा और निगरानी में होगा।

आने-जाने का मार्ग: दोनों चौड़े व बड़ा डिवाइडर बनेगा
नए एयर टर्मिनल तक जाने के लिए अभी सिंगल रोड है और यह संकरी है। इसी मार्ग को इतना चौड़ा कर दिया जाएगा कि दोनों ओर के सेपरेट मार्ग काफी चौड़े होंगें और डिवाइडर भी भव्य बनाया जाएगा। बीच में से कहीं भी कोई कट नहीं होगा और जगह जगह पर सिक्योरिटी चेक भी बनाए जाएंगे। आने जाने के मार्ग को भव्य बनाया जाएगा और मुख्य प्रवेश द्वार भी सुंदर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *