बंसल ग्रुप के 30 ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा,भोपाल, मंडीदीप, महू में सर्चिंग
भोपाल. आयकर विभाग ने मध्यप्रदेश में बंसल ग्रुप के 30 से ज्यादा ठिकानों पर छापा मारा है। ग्रुप के ऑनर सुनील बंसल और अनिल बंसल के यहां शुक्रवार सुबह विभाग की टीम पहुंची। सुबह 6 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई भोपाल के साथ ही महू और मंडीदीप में चल रही है। बंसल कॉलेज के फर्स्ट फ्लोर को बंद कर दिया गया है। इंडस्ट्रीयल एरिया में टीएमटी सरिया की फैक्ट्री में भी कार्रवाई चल रही है। यहां गेट पर ताला लगा दिया गया है। आयकर टीम फैक्ट्री के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। मंडीदीप में कुल 4 ठिकानों पर रेड पड़ी है। बंसल ग्रुप एजुकेशन, रियल एस्टेट, हेल्थ सहित अन्य सेक्टर में काम कर रही है। भोपाल के पहले वर्ल्ड क्लास रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के डेवलपमेंट का काम भी बंसल ग्रुप कर रहा है।
विभन्न शहरों में चल रही छापेमार में 120 गाड़ियों से अफसर पहुंचे
आईटी की टीम ने मंडीदीप में बंसल इंजीनियरिंग कॉलेज के सेकेंड फ्लोर को सील कर दिया है। यहां 2 गाड़ियों से टीम पहुंची और अकाउंट विभाग में दस्तावेज जांचने शुरू किए। महू के सुशीला देवी बंसल कॉलेज ऑफ इंस्टिट्यूट में करीब 10 अधिकारियों की टीम 2 गाड़ियों से पहुंची और अकाउंट सेक्शन में कार्रवाई शुरू की। जिन गाड़ियों में इनकम टैक्स के अधिकारी पहुंचे उनके पीछे रिंग सेरेमनी के स्टीकर लगे हैं। इन पर रश्मि संग अरविंद लिखा है। प्रदेश के विभन्न शहरों में चल रही छापेमार कार्रवाई में करीब 120 गाड़ियों से अफसर पहुंचे हैं। ये गाड़ियां इंदौर ट्रैवल्स की बताई जा रही हैं।
फैक्ट्री के फोन कनेक्शन काटे
बंसल ग्रुप की मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र स्थित बंसल टीएमटी सरिया कंपनी में आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। अधिकारी सुबह 6 बजे से कार्रवाई कर रहे हैं। आयकर टीम ने गेट में ताला लगा है और गार्ड रूम के फोन कनेक्शन काट दिए गए हैं। इससे कंपनी के अंदर के किसी भी व्यक्ति से कोई संपर्क नहीं है। अधिकारी मजदूरों से भी पूछताछ कर रहे हैं। आयकर अधिकार जिन गाड़ियों से आए हैं उनमें पप्पू एंड पप्पू ढाबा, रश्मि एंड अरविंद 18 नवंबर 2022 की रिंग सेरेमनी के स्टीकर लगे हैं। अधिकारियों ने अपनी गाड़ियां भी गेट के अंदर कर ली हैं। इसके साथ ही कंपनी के गार्डों को भी हटा दिया है। हालांकि, 9 बजे के बाद कंपनी के कुछ कर्मचारियों को दूसरे गेट से अंदर लिया जा रहा है।
