पत्थर की खदान ढही, 15 से 20 मजदूरों के फंसने की आशंका, राहत एवं बचाव कार्य जारी
मिजोरम. पत्थर की खदान धंसने से 15 से 20 मजदूर फंस गये हैं। सूत्रों के मुताबिक हनथियाल जिले के मुद्राह इलाके में एबीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड पर कई वर्कर काम कर रहे थे। लंच ब्रेक से लौटकर जब फिर से खदान में लौटे, तभी खदान ढह गई। इस खदान में फंसे मजदूरों में 5 हिताची कंपनी के उत्खननकर्ता भी शामिल हैं। इनके अलावा ड्रिलिंग मशीनें समेत खनन से जुड़ी कई मशीनें भी दब गई हैं। मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है।
इलाके के एसपी विनीत कुमार ने बताया कि जहां यह घटना हुई है वह आइजोल से करीब 160 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। मौके पर कई लोग काम कर रहे थे। जब खदान ढही, तो एक वर्कर मुश्किल से बाहर निकल आया जबकि बाकी लोग अंदर ही फंस गए। खदान से जुड़े लोगों ने बताया कि जब मजदूर यहां पर काम कर रहे थे, तभी अचानक ढीली मिट्टी ने खदान को बंद कर दिया। यह तब हुआ, जब वर्कर स्टोन्स को तोड़कर कलेक्ट कर रहे थे। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक किसी वर्कर को बाहर नहीं निकाला जा सका है। इस दौरान जिला प्रशासन के सभी आला अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपनी-अपनी टीम के साथ मौजूद हैं।
