नर्सिंग फर्जीवाड़ा-जांच समिति में 4 सदस्यीय फिर मिनिट्स में 5 नाम कैसे, दस्तावेज भी मांगे

ग्वालियर. जीवाजी यूनिवर्सिटी (जेयू) में हुए नर्सिंग फर्जीवाड़े में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक जीवाजी यूनिवर्सिटी ने जो दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। उनमें कमियां निकलना शुरू हो गयी है और पुलिस द्वारा इन कमियों के संबंध मे जेयू प्रबंधन से पूछा जा रहा है।
अभी तक इसको लेकर एक पत्र विश्वविद्यालय थाना प्रभारी की ओर से कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी को भेजा गया है। जिसमें पूछा है कि फर्जीवाड़े मामले की जांच के लिये 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था। लेकिन जांच समिति के कार्य विवरण (मिनिट्स) में 5 सदस्यों के नाम का उल्लेख किया गया है। यह पांचवे सदस्य के रूप् में अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो. एमआर कौशल का नाम लिखा है। लेकिन उनके हस्ताक्षर नहीं हैं।

पुलिस ने इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है कि किस आदेश के तहत प्रो. कौशल को किस कार्यालयीन आदेश के तहत जांच समिति का सदस्य बनाया गया है और उनके हस्ताक्षर रिपोर्ट पर क्यों नहीं है। इसके अलावा पुलिस ने पूछा है कि तत्कालीन कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने 5 जनवरी 2021 के माध्यम से स्पष्टीकरण जारी किया गया है जिसमें टेबुलेशन चार्ट पर स्वयं की सील अंकित न की जाकर परीक्षा नियंत्रक की सील अंकित करने के संबंध में 15 अक्टूबर 2018 के आदेश का उल्लेख किया गया है, अत: उस आदेश की प्रति भी पुलिस को दी जाए।

2019 में हुआ था फर्जीवाड़ा, अब तक कोई दोषी नहीं
बीएससी नर्सिंग फोर्थ ईयर के रिजल्ट में फर्जीवाड़ा 2019 में पकड़ में आया था। इसकी शिकायत तत्कालीन कार्यपरिषद सदस्य अनूप अग्रवाल ने तत्कालीन कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला से की थी। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी मिली थी इसके बाद 5 कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया था। इसकी जांच के लिए फैक्ट फाइडिंग कमेटी बनाई गई तथा एक अन्य जांच जेयू के वरिष्ठ प्रोफेसरों से कराई गई। इसमें दो अफसरों को दोषी माना गया था, इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए भी उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा गया था। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके छात्र संगठनों के लगातार आंदोलन के बाद रिटायर्ड जज, रिटायर्ड आईपीएस और आईएएस की कमेटी का गठन किया गया। इसमें प्रस्तुतकर्ता अधिकारी जेयू के असिस्टेंट रजिस्ट्रार को बनाया गया था। लेकिन सभी तथ्य अच्छे से प्रस्तुत नहीं किए गए और इस जांच में यह पाया गया कि फर्जीवाड़ा तो हुआ है लेकिन दोषी कौन इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया। इस संबंध में कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी का कहना है कि विश्वविद्यालय थाने की पुलिस का पत्र प्राप्त हुआ था। जांच समिति से संबंधित जो जानकारी मांगी गई थी, वह दे दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *