महंगाई की तगड़ी मार, आटा 25 रुपए, सरसों तेल 15 रुपए, रिफाइंड तेल 20 रुपए तक महंगा
ग्वालियर. सहालग सीजन शुरू होने के पहले ही तेलों की धार ऊंची होने लगी है। 15 दिन के भीतर ही रिफाइंड तेल 20 रुपए तो सरसों तेल 15 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है। महंगाई का ये दौर न सिर्फ तेलों पर देखने को मिला है, पैकिंग वाले आटे के पैकेट पर भी इसका असर हुआ है। पांच किलो वाले आटे के पैकेट के दाम 25 रुपए तक बढ़ा दिए गए हैं, इसकी वजह जीएसटी की दरें बढ़ना बताया जा रहा है। वहीं दाल-चावल भी इस तेजी से नहीं बच पाए हैं। किराना कारोबारियों की मानें तो आने वाले दिनों में सहालग की पूछ-परख निकलने तेल, दाल, चावल के दामों में और भी उठाव देखने को मिल सकता है।
तेलों के थोक कारोबारी अनिल पंजवानी ने बताया कि पिछले दिनों देश में तेल का आयात होने से दाम कम हुए थे, लेकिन इस बार बारिश अधिक होने से किसानों की सोयाबीन फसल काफी प्रभावित हुई है, जिसका असर तेल के दामों पर भी दिखने लगा है। साथ ही तेलों के दामों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर भी देखने को मिल रहा है। चूंकि सहालग सीजन में अभी 10 दिन का समय है, ऐसे में आने वाले दिनों में 5 रुपए लीटर की तेजी और संभव है। शहर में आम दिनों में तेलों की रोजाना की खपत करीब 100 टन रहती है, त्योहारी और सहालग सीजन में यह बढ़कर 130-140 टन तक जा पहुंचती है।
