GWALIOR में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह की भारत जोड़ो यात्रा में जिला सचिव पर हमला

ग्वालियर. मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की सुरक्षा में मंगलवार को बड़ी चूक हो गई। नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में निकल रही भारत जोड़ो उपयात्रा के दौरान यूथ कांग्रेस के जिला सचिव छोटू उर्फ अवधेश तोमर पर हमला हुआ। हमलावर लोडेड कट्टा लेकर यात्रा में घुस गया। उसने 2 बार ट्रिगर दबाया, लेकिन दोनों बार फायर मिस हो गए। वह तीसरी बार कट्टा लोड करने लगा, तो भीड़ ने पकड़कर धुन दिया, लेकिन इतने में ही किसी ने उसे भीड़ से बाहर कर दिया। बाद में पता चला कि हमला करने वाला जीतू गुर्जर खुद भी कांग्रेस कार्यकर्ता है और गोला का मंदिर शराब ठेके पर काम करता है। उसका यूथ कांग्रेस नेता छोटू से कई बार झगड़ा हो चुका है। हमले से 20 मिनट पहले भी बरैठा टोल पर पहले कार निकालने पर दोनों में बहस हुई थी।

गोविंद सिंह भिंड से यात्रा लेकर चले थे
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में बुरहानपुर के रास्ते 20 नवंबर तक एंट्री कर सकती है। ऐसे में मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो उप यात्राएं निकाली जा रही हैं। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर लीडर डॉ. गोविंद सिंह भिंड से भारत जोड़ो उप यात्रा लेकर चले थे। ग्वालियर के महाराजपुरा में यात्रा का स्वागत होना था। यहां से यह यात्रा आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ग्वालियर कांग्रेस की थी।

स्वागत के दौरान बोलेरो से आया हमलावर
यात्रा का रूट तो अलग था, लेकिन लक्ष्मणगढ़ के पास दशरथ सिंह गुर्जर के घर पर यात्रा के स्वागत की पूरी तैयारी थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता साहब सिंह भी अपनी पूरी टीम के साथ यहां स्वागत करने के लिए खड़े थे। हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में आए दबंग नेता और पार्षद पति बलवीर तोमर, उनका बेटा यूथ कांग्रेस के जिला सचिव छोटू उर्फ अवधेश तोमर भी यहां पहुंचे थे। जब यात्रा का स्वागत चल रहा था, तभी बोलेरो से जीतू उतरा और छोटू को टारगेट कर कट्टे से 2 मिस फायर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *