ज्योतिरादित्य सिंधिया हुए कोरोना संक्रमित
भोपाल. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इस बात की जानकारी खुद उन्होंने मंगलवार रात को सोशल मीडिया पर दी। जिसमें उन्होंने बताया, डॉक्टरों के परामर्श पर कराई गई कोविड-19 की जाँच में मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आप सभी से मेरा निवेदन है कि पिछले कुछ दिनों में जो भी मेरे संपर्क में आएं हैं, वो सभी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जाँच करवाएं। इससे पहले सुबह वे भोपाल में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित तमाम बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि तबीयत खराब होने की वजह से वे थोड़ी देर बाद ही वहां से निकल गए थे। जिसके बाद उनकी नाराजगी को लेकर तमाम अटकलें लगाई जाने लगी थीं।
कई भाजपा नेताओं को देनी पड़ी सफाई
सिंधिया के नाराजगी को लेकर जब केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- ऐसा कुछ नहीं हैं, उनकी अपनी व्यस्तता होती है। बैठक में आकर जाना कोई विशेष बात नहीं हैं। वहीं इस बारे में बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया ने जवाब दिया कि ये सारी बातें भ्रम और संशय की हैं। वो कहीं नाराज नहीं हैं। चूंकि वो राजनीति में हैं इसलिए इसमें कोई राज नहीं हैं।
