संपत्ति कर पर अब 6% छूट, 15 जनवरी तक सरचार्ज भी नहीं चुकाना पड़ेगा

ग्वालियर. शहर वासियों को सोमवार से संपत्तिकर में छह प्रतिशत की छूट मिलना शुरू हो गई है। इसके साथ 5 प्रतिशत का सरचार्ज भी माफ हो गया है। कुल मिलाकर शहरवासियों को वित्तीय वर्ष 2022-23 का संपत्तिकर अब चुकाने पर कुल 11 प्रतिशत का लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) ने संपत्तिकर में छह प्रतिशत की छूट को 31 दिसंबर तक करने का तय किया था, लेकिन पिछले दिनों नगर निगम परिषद की बैठक में इस मुद्दे का लाया गया। सत्ता और विपक्ष में इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई। आखिर में 15 जनवरी 2023 तक छह प्रतिशत तक छूट देने का फैसला लिया गया। नगर निगम मुख्यालय में उक्त आदेश आने पर संपत्तिकर विभाग ने पूरी जानकारी भोपाल पहुंचाई। उसमें नई व्यवस्था की तरह सिस्टम को अपडेट करने की गुजारिश की गई। इसके बाद सोमवार शाम को सिस्टम पर छह प्रतिशत छूट और 5 प्रतिशत सरचार्ज को माफ कर अपडेट कर दिया गया है।

पिछले माह तक 2.5% था, इस माह दोगुना हो गया सरचार्ज
निगम के नियमानुसार छूट की अवधि खत्म होने पश्चात हर महीने सरचार्ज की राशि 2.50 तक लगती है। अक्टूबर में छूट खत्म होने पर सरचार्ज 2.50 प्रतिशत आ रहा था। अब नवंबर का महीना शुरू हो गया है, इसलिए सरचार्ज 5 प्रतिशत हो गया था। परिषद के फैसले के बाद उक्त सरचार्ज भी 15 जनवरी 2023 तक नहीं लिया जाएगा।

अभी तक 32 करोड़ रुपए मिले
नगरीय सीमा में 3.15 लाख संपत्तिकर देने वाले हैं। लेकिन निगम को पूरे लोग संपत्तिकर नहीं देते हैं। पिछले साल 1.15 लाख लोगों ने 81 करोड़ रुपए की राशि आई थी। अबकि बार नगर निगम ने 242 करोड़ रुपए का टारगेट संपत्तिकर का रखा है। अभी तक निगम के खाते में 32 करोड़ रुपए की राशि ही जमा हो सकी है। जबकि सिर्फ साढ़े चार महीने का वक्त ही बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *