कूनो में बड़े बाड़े में छोड़े गए 2 चीतों ने किया अपना पहला शिकार

श्योपुर. मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क के बड़े बाड़े में छोड़े गए दो चीतों ने 48 घंटे के अंदर ही अपना पहला शिकार कर लिया है। डीएफओ प्रकाश कुमार वर्मा ने इसकी जानकारी दी कि चीतों ने एक हिरण का शिकार किया है, दोनों चीते सगे भाई हैं। शिकार करने पहली तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी है। शनिवार को दो चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ा गया था, इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर इनका वीडियो शेयर किया था। अभी 6 चीते छोटे बाड़े में ही हैं, जिन्हें जल्द ही दूसरे बड़े बाड़ों में छोड़ा जा सकता है। चीतों द्वारा कूनो नेशनल पार्क में अपना पहला शिकार किए जाने से यह माना जा रहा है कि उन्हें यह स्थान रास आ गया है।

बड़े बाड़े में हिरण और चीतल जैसे जानवर
नामीबिया से कूनो नेशनल पार्क लाए गए चीतों को पहले 1500 वर्ग मीटर क्वारंटाइन बाड़े में रखा गया। इस दौरान उन्हें वहीं मांस दिया गया। चीतों को बड़े बाड़े में छोड़े जाने से पहले विशेषज्ञों ने इसका निरीक्षण किया था। बड़े बाड़े में हिरण और चीतल जैसे जानवर मौजूद हैं। कूनो प्रबंधन ने दो नर चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ दिया था। कूनो में पार्क में चीतों के लिए बनाए गए बड़े बाड़े में जब इन चीतों को छोड़ा गया वह पहले तो डरे सहमे से दिखाई दिए क्योंकि एक लंबी अवधि के बाद उन्हें बड़े मैदान में जाने का मौका मिला था। लेकिन थोड़ी देर बाद ही दोनों नर चीते जैसे ही बड़े-बाड़े में गए तो वे वहां उछलकूद करते नजर आए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से बाकी चीतों को भी जल्द छोड़ा जाएगा।

रास आ गया कूनो का वातावरण
नामीबिया से लाकर मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए 8 चीतों को यहां का वातावरण पूरी तरह से रास आ गया है। यहां लाए गए सभी चीते पूरी तरह से स्वस्थ नजर आ रहे है। ओर वे अब यहां की आबोहवा में ढल गए है। उन्होंने शिकार भी कर लिया उनकी रफ्तार बता रही थी कि, वह लंबे समय से बंदिशों से आजाद होने का इंतजार कर रहे थे। वन विभाग के अधिकारी बड़े बाड़े में छोड़े गए चीतो की उनके गले में पहनाए गए कालर आईडी से मानीटरिंग कर रहे। कालर आईडी से चीतों की लोकेशन सैटेलाइट के माध्यम से उन पर नजर रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *