बंगाल के खिदिरपुर में घर नहीं लौटे हिंदू, मुस्लिम बहुल इलाके में फोटो लेना मना

कोलकाता. खिदिरपुर यह जगह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ऑफिस नबन्ना से करीब 7 किमी दूर है। एस्प्लेनेड एरिया में स्थित BJP ऑफिस से इसकी दूरी 2 किमी होगी। मुस्लिम आबादी वाले इस इलाके में करीब 15% हिंदू रहते हैं। 8 और 9 अक्टूबर को खिदिरपुर में हिंसा हुई थी। इससे यहां रहने वाले हिंदू इतना डरे हुए हैं कि कुछ तो अब तक अपने घर नहीं लौटे। कुछ लौट आए हैं, लेकिन मुंह खोलने की हिम्मत नहीं कर रहे। मिलाद उन नबी और कोजागरी लक्ष्मी पूजा पर हुई हिंसा से पूरा मामला सांप्रदायिक हो गया। गृह मंत्रालय के आदेश पर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA इस मामले की जांच कर रही है।

फोटो क्लिक करना मना, पूरे एरिया में फोर्स तैनात
खिदिरपुर में आने वाले मोमिनपुर और इकबालपुर में सबसे ज्यादा हिंसा हुई थी। इसका सेंटर कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (CMRI) स्टॉपेज से मयूरभंज के बीच का इलाका था। हम यहां पहुंचे तो कुछ लड़के हमारा पीछा करने लगे। रास्ते में चाय की एक दुकान दिखी तो हम वहां खड़े हो गए। दुकानदार से हमने भूकैलाश की लोकेशन पूछी। यहां भी उस रात कई घरों में तोड़फोड़ की गई थी। भूकैलाश का नाम सुनते ही आसपास खड़े लोगों की नजरें हम पर टिक गईं। खैर, हम आगे बढ़ते हैं और इलाके की कुछ फोटो लेने की कोशिश करते हैं। यह देख दुकानदार ने हमें टोक दिया कि फोटो मत लीजिए। यहां फोटो लेना फिलहाल मना है। बातचीत करने के बाद पता चला कि 9 अक्टूबर को हुई हिंसा के बाद से ही पूरे एरिया में कोलकाता पुलिस की रैपिड एक्शन फोर्स तैनात है। यूनिफॉर्म के साथ ही फोर्स के लोग सादी वर्दी में भी घूम रहे हैं। हर आने-जाने वाले की एक्टिविटी पर नजर रख रहे हैं।

फोटो लेने पर इसलिए रोक लगाई गई है, ताकि कोई उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर कर दोबारा हिंसा का माहौल तैयार न कर सके। एरिया में रहने वाले लड़कों से रास्ते, बिल्डिंगों की कुछ फोटोज क्लिक करने को कहा। तीन लड़कों ने बाइक चलाते हुए हमारे लिए कुछ फोटो क्लिक कर दीं। कई लोगों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी बोलने को तैयार नहीं हुआ। हिंसा के शिकार ज्यादातर हिंदू ही हुए हैं। किसी का घर जला दिया गया। किसी के घर में तोड़फोड़ हुई, बाइक तोड़ दी गईं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *