GWALIOR की हवा हुई बेहद खराब, AQI पहुंचा 369, स्कूल बंद
ग्वालियर. दीपावली के 12 दिन बाद भी शहर की आबोहवा में सुधार नहीं हुआ है। बल्कि हवा पहले से ज्यादा खराब हो गई है। शनिवार को सिटी सेंटर क्षेत्र में एक्यूआइ (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 321 और महाराज बाड़ा पर एक्यूआइ 369 पर पहुंच गया। जबकि दीपावली के अगले दिन 25 अक्टूबर को प्रदूषण बोर्ड के ईएनवी अलर्ट पोर्टल पर सिटी सेंटर में एक्यूआइ 316 और महाराज बाड़ा पर एक्यूआइ 345 था। वायु प्रदूषण की यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए काफी खराब है। क्योंकि यह 300 से काफी ऊपर है, जबकि यह 50 से अधिक नहीं होना चाहिए।
दीपावली के बाद वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद की जा रही थी, क्योंकि उस समय पटाखे चलने से प्रदूषण बढ़ने की बात कही जा रही थी, लेकिन एक्यूआइ घटने की बजाय बढ़ गया है। इसकी मुख्य वजह शहर में धड़ल्ले से निर्माण कार्य होना, खराब पड़ी सड़कों पर उड़ रही धूल और पटाखे फोड़े जाना है। प्रदूषण में कमी लाने के लिए नगर निगम की ओर से केवल एक दिन ही शहर की कुछ सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया था, लेकिन इससे स्थिति में कोई अंतर नहीं आया। उधर दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंचने से प्राइमरी स्कूलों को 8 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि ग्वालियर में अभी ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा है। लेकिन नहीं संभले तो स्थिति बिगड़ सकती है।
