एएसपी भदौरिया पर प्रकरण दर्ज, महाराजपुरा टीआई को नोटिस, गिरफ्तारी वारंट की तामील न कराने का मामला

ग्वालियर. महाराजपुरा पुलिस भोपाल में पदस्थ एएसपी डीवीएस भदौरिया को गिरफ्तारी वारंट की तामील नहीं करा पा रही है। जिला न्यायालय ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए टीआई महाराजपुरा को कारण बताओ नोटिस देने का निर्देश दिया है। इसमें कहा गया है कि क्यों ना थाना प्रभारी के खिलाफ धारा 29 पुलिस अधिनियम व न्यायालय अवमानना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।  साथ ही न्यायालय ने एएसपी डीवीएस भदौरिया के खिलाफ अलग से प्रकरण दर्ज करने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने उनसे पूछा है कि क्यों ना उनके खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 350 के अंतर्गत शास्ति अधिरोपित की जाए।

दरअसल, सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह, शीला कुशवाह व एक अन्य के खिलाफ महाराजपुरा पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। केस में एएसपी डीवीएस भदौरिया को गिरफ्तारी वारंट से तलब किया गया था, लेकिन उसकी तामील नहीं हो सकी। रिपोर्ट में ये बात सामने आई कि वे भोपाल स्थित कार्यालय पर नहीं मिले। न्यायालय ने कहा कि ये मामला 25 सबसे पुराने प्रकरणों में शामिल है। 3 पेशियों पर भदौरिया को जमानती व गिरफ्तारी वारंट से तलब किया गया, लेकिन वो उपस्थित नहीं हुए।

ऐसा लगता है जैसे थाना प्रभारी महाराजपुरा कर्तव्यों के निर्वहन में रुचि नहीं ले रहे। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि मामले की अगली सुनवाई 7 नवंबर को होगी। यदि अगली सुनवाई पर गवाह उपस्थित नहीं हुआ तो अभियोजन साक्ष्य का अवसर समाप्त कर दिया जाएगा। जिसके लिए थाना प्रभारी महाराजपुरा और एएसपी भदौरिया जिम्मेदार होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *