शहर में दिखावे के वीएमएस बोर्ड, करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी 10 में से 8 वीएमएस बोर्ड बंद
ग्वालियर. स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से शहर में 10 जगह लगाए गए वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड (वीएमएस) की हालत इन दिनों काफी खराब है। इन बोर्ड से शहरवासियों को न तो मौसम का हाल पता चल रहा है, न ही ट्रैफिक की सूचना मिल रही है। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से करोड़ रुपए की लागत से शहर के अलग-अलग हिस्सों में 10 वीएमएस बोर्ड लगाए गए थे, लेकिन इनमें से सिर्फ 2 वीएमएस बोर्ड ही काम कर रहे हैं। ऐसा नहीं कि वीएमएस बोर्ड पहली बार खराब हुए हैं, इससे पूर्व भी इनमें कई बार खराबी आ चुकी है। स्मार्ट सिटी के आला अधिकारियों का इस संबंध में कहना है कि वीएमएस बोर्ड को चालू करने के लिए टेंडर किए जा रहे हैं।
इन जगहों पर लगे हैं बोर्ड
डीडी मॉल के सामने, जयेंद्रगंज मराठा बोर्डिंग के पास, राजमाता विजयाराजे चौराहा, गोले का मंदिर चौराहे के पास, रेलवे स्टेशन, स्काउट गाइड के सामने बाड़ा, ओल्ड सर्किट हाउस, गश्त का ताजिया, उरवाई गेट, पाताली हनुमान।
