ग्वालियर रेलवे स्टेशन चौराहा पर टक्कर मारकर एक्टिवा सवार पर एक्सयूीव कार पलटी, हालत गंभीर

ग्वालियर. ग्वालियर में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर दहशत फैला दी। कार ने तीन वाहनों को टक्कर मारी फिर बेकाबू होकर एक एक्टिवा सवार पर पलट गई। हादसे के बाद चालक कूदकर भाग गया। कार के नीचे दबा एक्टिवा सवार गंभीर रूप से घायल है। सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार के नीचे दबे युवक को बाहर निकालकर कार को सीधा किया। घायल को जेएएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना स्टेशन बजरिया चौराहा की है। घायल अपने ममेरे भाई के साथ उसकी बुलेट बाइक की सर्विस कराने के लिए निकला था। पुलिस ने कार सवार पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
मुरैना के बेरसा निवासी 22 वर्षीय पवन राठौर छात्र है। सोमवार को वह अपने मामा के घर हजीरा वेष्णोंपुरम में आया था। ममेरे भाई रामसेवक को बुलेट बाइक की सर्विस कराने के लिए शिवपुरी लिंक रोड हाइवे पर जाना था। रामसेवक ने पवन को अपने साथ जाने के लिए तैयार कर लिया। बुलेट पर रामसेवक था और एक्टिवा पर पवन था। बुलेट सर्विस सेंटर पर छोड़ने के बाद एक्टिवा से दोनों को वापस घर लौटना था। अभी वह वेष्णोंपुरम से स्टेशन होते हुए स्टेशन बजरिया चौराहा पर पहुंचे थे कि तभी सामने पुराने पड़ाव पुल से तेज रफ्तार में आ रही एक्सयूवी कार MP07 CB-5765 ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी फिर बुलेट को टक्कर मारी और एक्टिवा सवार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर उसी पर पलट गई। हादसे में एक्टिवा सवार कार के नीचे ही दब गया। हादसे के बाद जब तक कोई संभल पाता कार सवार कूदकर भाग गया। हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे वाहन सवारों ने गाड़ियां रोकी और सबसे पहले कार के नीचे दबे पवर राठौर को बाहर निकाला। वह बुरी तरह कुचलने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया है।

पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है
घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने एक्सयूवी कार को जब्त कर लिया है। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर को सर्च का कार मालिक का पता लगा रही है। पुलिस को राहगीरों ने यह भी बताया है कि घटना के समय कार चालक नशे में था। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *