51वी राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता बालिका वर्ग मैं टीम का आगमन शुरू
ग्वालियर- केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 बालिका वर्ग की बास्केटबॉल राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का शुभारंभ 1 नवंबर से होना सुनिश्चित है। केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 के प्राचार्य गौरव द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज अर्ध रात्रि तक सिलचर, चेन्नई, एर्नाकुलम, चंडीगढ़, गुवाहाटी, लखनऊ आदि संभागों की बालिका वर्ग की अंडर -14, अंडर-17 टीम का ग्वालियर में आगमन शुरू हो चुका है ।
इन सभी प्रतिभागी बालिकाओं का केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया । साथ ही उनके ठहरने एवं खाने की समुचित व्यवस्था की गई है। बालिका प्रतिभागियों के लिए प्राचार्य गौरव द्विवेदी ने वात्सल्य परिवेश देने का पूरा प्रयास किया है साथ ही उन्होंने बालिका प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए आगामी लीग मैच के लिए शुभकामनाएं प्रदान की ।
31 अक्टूबर तक केंद्रीय विद्यालय संगठन के अन्य संभागों से जिनमें तीनसुखिया, चंडीगढ़ ,गुरुग्राम, दिल्ली, आगरा, अहमदाबाद, हैदराबाद, रांची, पटना, बेंगलुरु आदि की 38 टीम एवं 82 अनुरक्षक शिक्षकों का केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में आगमन संभावित है । रेलवे स्टेशन ग्वालियर पर विद्यालय के प्रतिनिधि शिक्षकों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं उनके गंतव्य स्थल तक पहुंचने की सुविधा प्रदान की गई है । 5 दिवसीय राष्ट्रीय बॉस्केटबॉल खेलकूद प्रतियोगिता बालिका वर्ग का आयोजन 5 नवंबर तक जारी रहेगा ।
