जयारोग्य अस्पताल में बदमाशों ने मचाया उत्पात, स्टैंड बूथ पर तोड़फोड़, रुपए भी लूट ले गए
ग्वालियर. जयारोग्य अस्पताल के वाहन स्टैंड पर देर रात 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने उत्पात मचाया है। बदमाशों ने बूथ पर तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों से मारपीट की। कांच फोड़ दिए और कुर्सियां फेक दीं। इतना ही नहीं 14500 रुपए लूटकर ले गए। बिलिंग मशीन भी तोड़ दी गई। दोपहर में स्टैंड पर पार्किंग को लेकर किसी आकाश नाम के लड़के से विवाद हुआ था, जिसने रात को अपने साथियों के साथ हमला किया है। पूरी घटना स्टैंड पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। सुबह से यह CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
शहर के जयारोग्य अस्पताल में वाहन स्टैंड का ठेका कुलदीप सिंह राजावत पर है। स्टैंड संचालक के साथी अंकुश दुबे ने बताया कि दोपहर में उनका किसी आकाश सक्सेना निवासी जवाहर कॉलोनी से विवाद हो गया था। यह तीन युवक स्टैंड पर आए थे। तब वह झगड़ा कर चले गए थे। झगड़ा पार्किंग शुल्क को लेकर हुआ था। उस समय भी यह मारपीट कर पर्स छीन ले गए थे। मामले की सूचना कंपू थाने में दी थी। देर रात यही युवक अधिक संख्या में पहुंचे और पहुंचते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। सभी चेहरे पर कपड़े बांधे हुए थे। आते ही गालियां देना शुरू कर दी। रोकने पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। पहले बदमाशों ने कुर्सियां फेंकी फिर बिलिंग मशीन तोड़ दी। दो मशीनों की कीमत करीब 50 हजार रुपए है। जो कर्मचारी बीच बचाव करने आया उसे पीटा गया। बदमाश हाथ में सरिया, लाठी व हॉकी लिए हुए थे। बदमाश चेहरे ढक कर आए थे, जिससे पहचान न हो सके। उनकी संख्या 5 से 7 के लगभग थी। एक बाइक व एक्टिवा पर वह सवार थे। आते ही उन्होंने दोपहर की घटना का जिक्र करते हुए मारपीट व तोड़फोड़ शुरू की थी। जिससे स्टैंड संचालक को पता लगा कि यह दोपहर वाले मामले वाले ही बदमाश हैं। मामले शिकायत कंपू थाना में की गई है। पर पुलिस लूट का मामला दर्ज नहीं कर रही है।
CCTV फुटेज वायरल
जेएएच में हमले का CCTV फुटेज रविवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
