लिफ्ट मांगकर व्यवसायी को लूटा, जेब से 40 हजार रुपए निकाले, पकड़ा तो चाकू दिखाकर साथियों के साथ भाग गया
ग्वालियर. पार्टी भुगतान वसूलकर लौट रहे व्यवसायी से एक युवक ने लिफ्ट ली और फिर उससे 40 हजार रुपए लूट कर फरार हो गया। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज किया है। यह वारदात शहर के सिटी पॉइंट सिटी सेंटर में VVIP मूवमेंट के चलते हाई अलर्ट के बीच हुई है।
यह है पूरा मामला
शहर जीवाजी क्लब के सामने पंचवटी वस्त्र नगर निवासी 62 वर्षीय गोपाल गोयल पुत्र लक्ष्मण दास गोयल लकड़ी का व्यवसाय करते हैं। दो दिन पहले एक पार्टी रिकवरी करने के लिए मुरार आए थे। पेमेंट लेने के बाद बाइक से वापस आ रहे थे। रास्ते में उन्हें एक बाइक पर तीन युवक मिले और युवकों ने अपने एक साथी को स्टेशन तक छोड़ने के लिए लिफ्ट मांगी। व्यवसायी भी उसी दिशा में जा रहे थे, इसलिए उन्होंने उस युवक को लिफ्ट दे दी। अभी वह सिटी सेंटर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे और युवक से पहले पेट्रोल डलवाने के लिए कहा, लेकिन वह ट्रेन मिस होने की कहकर उनसे स्टेशन छोडऩे की जिद करने लगा। इसी बीच उनकी जेब में रखे 40 हजार रुपए निकाल लिए। निकालते समय रुपए जेब से नीचे गिरे। जिस पर व्यवसायी अलर्ट हुआ, लेकिन युवक ने रुपए उठाने के बाद उन्हें चाकू दिखाया और धक्का देकर भाग गया। पीड़ित व्यवसायी ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़तल की है और मामला दर्ज कर लिया है।
बाइक सवार साथियों के साथ भागा बदमाश
लूट की वारदात करने के बाद बदमाश उन दो युवकों के साथ भागा है जिन्होंने उसे व्यवसायी से लिफ्ट दिलाई थी। जैसे ही उसने वारदात को अंजाम दिया वही दोनों बाइक सवार आ गए और बदमाश उनके साथ बैठकर भाग गया।
