प्रधानमंत्री मोदी महाकाल के दर्शन को पहुंचे, आम श्रद्धालु के दर्शन पर रोक

उज्जैन. श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के नए दर्शन परिसर ‘महाकाल लोक’ को कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भक्तों को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद से विशेष विमान से इंदौर आए। यहां गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसी सिलावट, कैलाश विजयवर्गीय ने उनका स्वागत किया। PM एयरफोर्स के चॉपर से उज्जैन पहुंचे, जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री सीधे महाकाल के दर्शन को रवाना हुए।

सीएम ने चढ़ाई शिप्रा को चुनरी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिंतामन गणेश, गढ़ कालिका और हरसिद्धि मंदिर में दर्शन किए। शिप्रा नदी के रामघाट पर दुग्धाभिषेक कर मां को चुनरी चढ़ाई। पत्नी साधना सिंह चौहान भी साथ रहीं। दोपहर 3 बजे के बाद महाकाल मंदिर को एसपीजी और पुलिस के हैंडओवर कर दिया गया। इसके बाद दर्शन व्यवस्था को रोक दिया गया। प्रधानमंत्री शाम 5.20 बजे उज्जैन पहुंचे। वे सबसे पहले भगवान महाकालेश्वर का पूजन करेंगे। इसके बाद ‘महाकाल लोक’ का शुभारंभ कर अवलोकन करेंगे। वे कार्तिक मेला मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर नगर में महा महोत्सव होगा। नगर में दीपोत्सव मनाया जाएगा। महाकाल लोक प्रोजेक्ट को दो फेज में 856 करोड़ रुपए की लागत से डेवलप किया जा रहा है। 2.8 हेक्टेयर में फैला महाकाल परिसर 47 हेक्टेयर का हो जाएगा। इसमें 946 मीटर लंबा कॉरिडोर है। इसी पर चलकर भक्त गर्भ गृह तक पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *