अब वसूली के आरोप वाले पुलिस अफसरों की बनेगी सूची और होगी कार्रवाई
ग्वालियर. वसूली के आरोप में सीएसपी प्रमोद शाक्य को भोपाल स्थानांतरित किए जाने के बाद अब इसी तरह अन्य ऐसे अफसरों की सूची भी तैयार हो रही है, जिन पर उन्हीं की तरह आरोप लगते आ रहे हैं या फिर वे इस तरह के कार्यों में शामिल रहे हैं। ऐसा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भ्रष्टाचार पर पूरे प्रदेश में जीरो टोलरेंस के आदेश पर किया जा रहा है। ज्ञात हो कि ऐसे कुछ नाम पहले से पुलिस अधिकारियों के रडार पर हैं। जिन पर अक्सर इस प्रकार के आरोप तो लगते रहते हैं, लेकिन अभी तक इन पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में जब मुख्यमंत्री ने ही ऐसे पुलिस अधिकारियों की सूची बनाकर कार्रवाई के आदेश दिए हैं, तो अब पुलिस अधिकारी भी सख्ती के मूड में आ गए हैं।
माना जा रहा है कि जल्द ही इसकी सूची और गोपनीय रिपोर्ट तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। एडीजी इंटेलिजेंस इस बारे में सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश भी जारी करेंगे। इस संबंध में ग्वालियर के एसएसपी अमित सांघी का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर इस पर काम किया जाएगा। दरअसल इंदौर में पुलिस अधिकारी धनेंद्र सिंह भदौरिया की अड़ीबाजी की शिकायत सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डीजीपी से लेकर सभी जोन के आइजी और जिलों के एसपी को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं कि भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस नीति रहेगी। अगर इसमें पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं तो इन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ऐसे में अब पुलिस अधिकारियों की सूची भी तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सके। इसके बाद ग्वालियर में भी कुछ ऐसे पुलिस अधिकारी राडार पर आ गए हैं, जो विवादित मामलों में पड़कर या किसी अन्य तरह से डरा-धमकाकर पैसा वसूलते हैं। एसएसपी अमित सांघी का कहना है- इस संबंध में पहले एडीजी इंटेलिजेंस से इस रिपोर्ट को तैयार करने को लेकर बात करेंगे, उसके बाद रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी।
