महिला यात्री से छेड़खानी के आरोपी दोनों विधायकों को कांग्रेस कमेटी की क्लीनचिट
भोपाल. मप्र कांग्रेस की अनुशासन कार्यवाही समिति ने 44 लोगों को शोकॉज नोटिस दिया है। 5 लोगों के खिलाफ निष्कासित करने की कार्रवाई की है। वहीं, रेवांचल एक्सप्रेस में महिला से छेड़छाड़ करने वाले दोनों विधायकों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने क्लीनचिट दे दी है। रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रहे सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ पर महिला यात्री ने छेड़खानी के आरोप लगाए थे। दोनों विधायकों पर पुलिस केस दर्ज कर चुकी है।
घटना वाली रात की कहानी पीड़ित की जुबानी
मेरी उम्र 30 साल है। मैं रीवा की रहने वाली हूं। 6 अक्टूबर को मैं रेवांचल एक्सप्रेस से रीवा रेलवे स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन के लिए सवार हुई थी। मैं अपने 7 माह के बेटे के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11.50 बजे सामने वाली बर्थ में कोतमा विधायक सुनील सराफ (उम्र 47) और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा (उम्र 38) बैठे थे। मेरी साइड वाली बर्थ पर दोनों ने खाना खाया और फिर गंदी-गंदी गालियां बकने लगे। मेरे कंधे को टच कर इन्होंने मुझे उठाया। कहने लगे मैडम आपने खाना खाया है या नहीं। मैंने कुछ नहीं कहा। वे दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे। मेरे कंधे पर हाथ फेरते हुए बकवास कर रहे थे। मैंने कहा कि मेरा बेटा सो रहा है, गाली-गलौज मत करिए। वे नहीं माने तो मैंने अपने पति को कॉल कर पूरी घटना बताई। पति की शिकायत पर सागर रेलवे स्टेशन पर पुलिस आई। उन्होंने मुझे दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया। जब मैं दूसरी सीट पर जाने लगी तो सुनील सराफ बोला- आप क्यों जा रही हो, क्यों परेशान हो रही हो। मैंने उनकी शिकायत TTE और सागर पुलिस से करते हुए कहा कि दोनों को ट्रेन से उतारते हुए कार्रवाई करें, लेकिन उन्होंने मेरी सीट बदल दी।
