ग्वालियर में अगले 24 घंटे में तेज बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. ग्वालियर में बीते दो दिन से मौसम सुहाना बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय घेरे से ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए थे। दोपहर होते-होते रिमझिम बारिश शुरू हुई तो रात को तेज बारिश में बदल गई है। इसके बाद मौसम में ठंडक घुल गई, जहां रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर रहा है तो शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक आकर टिक गया है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल ऐसा ही मौसम रहने वाला है। अगले 24 घंटे बादल छाए रहेंगे क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती घेरे से हवा के साथ नमी आ रही है, जो ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश करा रही है।
मौसम विभाग भले ही कह दे कि मानसून की विदाई हो गई है, लेकिन ग्वालियर-चंबल अंचल में मानसून मेहरबान है। यहां बीते दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है। गुरुवार को हल्की फुहारों ने दिन भर मौसम को सुहाना बनाया रखा तो शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे जो दोपहर होते-होते रिमझिम और रात को तेज बारिश में बदल गए। पूरे शहर में एक साथ बारिश हो रही है। शुक्रवार रात 8.30 बजे तक 4.9 MM बारिश दर्ज की गई थी, जबकि अगले 3 घंटे रात 8.30 से 11.30 बजे के बीच मे 15 MM बारिश हो चुकी है। बारिश के बाद मौसम एक दम बदल गया है और लोगों को ठंडक का अहसास हो रहा है।
इन सिस्टम से प्रभावित हो रहा मौसम
बंगाल की खाड़ी का चक्रवातीय घेरा उत्तर प्रदेश होते हुए हिमालय की तराई में जा रहा है। ग्वालियर-चंबल संभाग इसके दक्षिण हिस्से में है। इस कारण बादल छा रहे हैं। फुहारें बरस रही हैं। यह संभाग के नजदीक आने पर वर्षा में तेजी आएगी। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिससे अरब सागर से भी नमी आ रही है, जिसके चलते हवा में ठंडक है।
