जीवाजी विश्वविद्यालय में छात्रों ने पकड़ा मार्कशाीट बनवाने वाला दलाल

ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय में छात्रों ने कर्मचारियों के एक दलाल को पकड़ा है। दलाल कर्मचारियों से मिलकर दो हजार रुपए में दो घंटे में मार्कशीट बनवाता था। इसके बाद छात्र दलाल को लेकर कुलपति के कार्यालय पहुंचे। जहां पर करीब 3 घंटे तक काफी हंगामा हुआ। दलाल ने दो कर्मचारियों के नाम बताए, जिनके लिए वह दलाली करता था। उसके पास मार्कशीट भी मिली हैं, जिन्हें जब्त कर लिया है। कक्ष में कुलपति नहीं थे, लेकिन कार्यपरिषद सदस्य व कुलपति के निज सहायक मौजूद थे। छात्र नेताओं ने गुरुवार की दोपहर जेयू कर्मचारियों के लिए दलाली करने वाले दलाल दुर्गाशंकर को परिसर से ही पकड़ा है। दलाल ने बीएससी की नई मार्कशीट बनवाने के नाम पर एक विद्यार्थी से दो हजार रुपये ई-वालेट के माध्यम से लिए थे।

विद्यार्थी शैलेंद्र कुमार को अपनी बीएससी की मार्कशीट में सुधार कराकर नई मार्कशीट बनवानी थी। वह कई दिनों से कर्मचारियों के चक्कर लगा रहा था। शैलेंद्र कुमार का परिसर में ही दलाल दुर्गाशंकर जाटव निवासी श्योपुर से संपर्क हुआ। उसने दो हजार रुपये में दो घंटे में नई मार्कशीट बनवाने के लिए कहा। शलेंद्र ने ई-वालेट के माध्यम से दलाल को पैसे ट्रांसफर कर दिए। एनएसयूआइ के छात्र नेताओं को इसकी भनक लग गई और दलाल दुर्गाशंकर को पकड़ लिया। गुरुवार को ही कार्यपरिषद सदस्य शिवेंद्र राठौर सहित अन्य सदस्य कुलपति के यहां टेबुलेशन चार्ट के संबंध में चर्चा के लिए बैठे हुए थे। छात्र नेता वंश माहेश्वरी दलाल दुर्गाशंकर को कुलपति के कक्ष में लेकर पहुंचे। हालांकि कुलपति कक्ष में नहीं थे वह किसी कार्यक्रम में गए थे। उन्हें इसकी सूचना दी गई।

जेयू के दो कर्मचारियों के लिए करता था दलाली, मार्कशीटें भी हुईं जब्त
न दलाल दुर्गाशंकर का संपर्क बीए सेक्शन संभालने वाले बाबू ध्रुव शर्मा से है। इसके लिए वह काम करता था। ध्रुव के माध्यम से ही बीएससी सेक्शन संभालने वाले नीरज बाथम से भी दुर्गाशंकर का संपर्क हो गया। शैलेंद्र कुमार की मार्कशीट बनवाने के लिए दुर्गाशंकर को 1600 रुपये नीरज को देने थे। उसने 400 रुपये अपने हिस्से के लिए। कुल दो हजार रुपये उसने लिए थे। पकड़े जाने के बाद दुर्गाशंकर ने दो हजार रुपये विद्यार्थी शलेंद्र कुमार को वापस कर दिए। उसने लिखित में जेयू के दो बाबुओं के नामों का पर्दाफाश किया है। सीधे आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को करते थे परेशान: यदि विद्यार्थी मार्कशीट में सुधार के लिए सीधे आवेदन करते थे तो उन्हें काफी परेशान किया जाता था। कई नियम भी बताए जाते थे। परेशान होकर विद्यार्थी कर्मचारियों के दलालों से संपर्क करते थे और पैसे देकर तत्काल काम कर देते थे। कर्मचारियों ने शिकायत खिड़कियों पर दलाल छोड़ दिए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *