बंगाल में दुर्गा विसर्जन के दौरान 8 लोगों की मौत, 20-25 लोग लापता
पश्चिम बंगाल. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मूर्ति विसर्जन के दौरान मल नदी में तेज बहाव के चलते 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जलपाईगुड़ी के एसपी देवर्षि दत्ता ने बताया कि अभी 20-25 लोग लापता हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के मुताबिक देर शाम लोग मल नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन करने गए थे। इस दौरान नदी में तेज बहाव आ गया, मूर्ति विसर्जन के लिए पानी में घुसे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से लोगों को ढूंढने का काम शुरू कर दिया है।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
जलपाईगुड़ी हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ की ओर से ट्वीट किया गया, दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हुए हादसे से दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना: पीएम।
11 लोगों को रेस्क्यू किया गया: डीएम
डीएम मौमिता गोदारा बसु का कहना है कि 8 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, करीब 40 लोग अभी भी एक आईलैंड में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम लोगों को बचाने में जुटी है। अब तक 50 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
