6 रुपये महंगी हुई सीएनजी, पीएनजी के भी बढ़े दाम
नई दिल्ली. त्योहारी सीजन के बीच आम आदमी को करारा झटका लगा है। सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ गए हैं। शहर गैस वितरण महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG के दाम 6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा PNG की कीमतों में 4 रुपये प्रति यूनिट (एससीएम) का इजाफा किया गया। नई कीमतें आज (सोमवार) आधी रात से लागू हो गई।
मुंबई में 86 रुपये प्रति किलोग्राम भाव
मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी का रिटेल प्राइस बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। वहीं पीएनजी का दाम 52.50 रुपये प्रति एससीएम होगा। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने कहा, ‘सरकार ने 1 अक्टूबर से गैस कीमतों में 40 प्रतिशत की वृद्धि की है। जिस कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।
कितने बढ़ेंगे नेचुरल गैस के दाम
पेट्रोलियम मूल्य एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ ने 30 सितंबर को 1 अक्टूबर से अगले छह महीने के लिए घरेलू स्तर पर उत्पादित गैस की कीमतों में 40% की बढ़ोतरी का ऐलान किया था। इससे पहले 1 अप्रैल को गैस के दाम बढ़ाए गए थे। सरकार साल में दो बार गैस कीमतों में संशोधन करती है। एमजीएल ने कहा, इस वृद्धि के बाद CNG और पेट्रोल के बीच मूल्य बचत घटकर 45% रह गई है। जबकि पीएनजी और एलपीजी के बीच अंतर 11 प्रतिशत का है।
