कूनो में अफ्रीका से आएंगे 12 और चीते, बनाए जा रहे हैं 8 बाड़े

श्योपुर. जिले के कूनो नेशनल पार्क में चीतों का कुनबा बढ़ेगा। नामीबिया से बाद साउथ अफ्रीका से 12 चीतों की पहली खेप तीन महीनों के भीतर ही भारत लाई जानी है। यह सभी चीते कूनो में बसाए जाएंगे। इसके लिए कूनो के जंगलों में नए बाड़े बनाने का काम शुरू हो गया है। उधर साउथ अफ्रीका से चीते लाने की अहम बैठक परसों 4 अक्टूबर को होने वाली है।

अफ्रीका से भारत को 80 से ज्यादा चीते मिलने है
गौरतलब है, नामीबिया ने 8 चीते भारत को तोहफे में दिए थे, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में छाेड़ा गया है। साउथ अफ्रीका से भारत को 80 से ज्यादा चीते मिलने हैं। इसके लिए साउथ अफ्रीका के विशेषज्ञों का दल 14-15 जून और फिर 5-6 सितंबर को भ्रमण करने के बाद कूनो को चीतो के लिए पूरी तरह मुफीद बता चुका है। नामीबिया से लाए गए चीतों की बसाहट के लिए कूनो में हुए प्रबंधों से भी साउथ अफ्रीका सरकार काफी संतुष्ट है। इसके बाद भारत सरकार साउथ अफ्रीका से पहली खेप में 12 चीते लाने की तैयारी कर रही है। कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन ने साउथ अफ्रीका से अाने वाले चीतों के लिए 8 बाड़े बनाने का काम शुरू कर दिया है। यह बाड़े नामीबिया से लाए गए चीतों के बाड़े से करीब एक किमी दूर जंगल के समतल इलाके में बनाए जा रहे हैं। जो 8 बाड़े बन रहे हैं, उनमें से एक बाड़े का आकार 50 बाय 30 मीटर का होगा। संभावना है कि साउथ अफ्रीका से आने वाले चीतों में 4 मादा व 8 नर होंगे। कूनो प्रबंधन के अनुसार इस साल के अंत तक साउथ अफ्रीका से चीते कूनो में बसा दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *