MP में स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजे आज
भोपाल. स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के नतीजे शनिवार को आएंगे। इसमें एक बार फिर से मध्यप्रदेश का डंका बज सकता है। राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़कर मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बन सकता है, इंदौर के भी सिक्सर लगाने की पूरी उम्मीद है। CM शिवराज सिंह चौहान खुद दिल्ली में पुरस्कार लेने के लिए पहुंचे हैं। उधर, पिछली बार 7वीं पोजिशन में रही राजधानी भोपाल की भी रैंकिंग सुधरने की उम्मीद है। पिछली बार प्रदेश को कुल 35 पुरस्कार मिले थे। अबकी बार इस संख्या में इजाफा हो सकता है।
पिछले सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश की रैंकिंग तीन थी। इसका कारण पिछले साल 2021 में सिटीजन फीडबैक यानी जनता की सक्रिय भागीदारी में मध्यप्रदेश का पिछड़ना था। इस कैटेगरी में देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को भी 6 हजार अंक नहीं मिले थे। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर जैसे शहर तो 5 हजार अंक भी नहीं ला पाए थे। इस बार सिटीजन फीडबैक में प्रदेश ने सबसे बेहतर काम किया है, जिससे मप्र के नंबर-1 बनने की उम्मीदों को बल मिला है।
