रातापानी में BJP कोर ग्रुप की मीटिंग जारी, सीनियर विधायक-नेता निगम मंडलों में एडजस्ट होंगे, मंत्री-विधायकों की परफॉर्मेंस पर भी चर्चा
भोपाल. पंचायत और नगरीय निकाय के चुनावों से फ्री होने के बाद अब बीजेपी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। BJP कोर ग्रुप की मीटिंग रातापानी में जारी है। इसमें बीजेपी के कई बड़े नेता शामिल हैं। हालांकि, मीटिंग से मीडिया को दूर रखा गया है। 5 किलोमीटर पहले ही मीडिया को रोक दिया गया है। मीटिंग में उज्जैन में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के साथ ही सीनियर विधायक-नेताओं को निगम में एडजस्ट करने पर भी चर्चा की गई। वहीं, मंत्री-विधायकों के परफॉर्मेंस पर भी चर्चा हुई। मीटिंग मिशन-2023 पर केंद्रित हो गई है। विधायकों को अगले एक साल में परफॉर्मेंस सुधारने को कहा गया है। आदिवासियों को साधने पर भी रणनीति बनाई जा रही है।
रातापानी में हो रही बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, वीरेंद्र खटीक और फग्गन सिंह कुलस्ते, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ल, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे आदि शामिल हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव जयभान सिंह पवैया ने कहा कि बैठक में किसी तरह का व्यवधान ना हो, इसलिए एकांत में रखी गई है।
इन मुद्दों पर मीटिंग में चर्चा
बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के 11 अक्टूबर को उज्जैन दौरे के अलावा आदिवासी वर्ग को अपनी ओर आकर्षित करने की रणनीति बनाई गई है। आदिवासी नेतृत्व को भी तवज्जो देने की बात सामने आ रही है। मंत्रियों और विधायक दोनों के ही कामकाज और अगले एक साल में परफॉर्मेंस बेहतर करने की बात कही गई। विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण, सीनियर विधायक और नेताओं को निगम मंडलों में एडजस्ट करने, परिवारवाद, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने, तय कार्यक्रमों को समय-सीमा में पूरा करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
पीएम के दौरे को लेकर चर्चा
11 अक्टूबर को उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण समारोह में आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर इस बैठक में रणनीति बनेगी। बीजेपी का प्रयास है कि पीएम के इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के हर गांव में धार्मिक माहौल तैयार किया जाए। 11 अक्टूबर को शाम साढ़े छह बजे से गांवों के मंदिरों पर भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन जैसे कार्यक्रमों के आयोजित करने के साथ ही उज्जैन के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाए। ताकि, उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल लोक की विशेषताओं को लोग जान सकें और पीएम के कार्यक्रम काे लोग गांवों में देख सकें। स्थानीय कार्यकर्ताओं को लोकल लेवल पर टीवी, एलसीडी स्क्रीन के अलावा प्रोजेक्टर पर पीएम के कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने के लिए इंतजाम करने को कहा गया है।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर चर्चा
मप्र में बीजेपी के सामने पांचवीं बार सरकार बनाने के लिए कई चुनौतियां हैं। बीजेपी में कई सीनियर नेता गण अभी भी राजनीतिक पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। मप्र सरकार में तमाम निगम-मंड़लों में पद खाली पड़े हुए हैं। मंत्रिमंड़ल में शामिल होने के इंतजार में बैठे विधायकों के अलावा सीनियर नेताओं को भी इनमें एडजस्ट किया जाएगा। पंचायत और नगरीय निकाय के चलते निगम-मंड़लों की नियुक्तियां अटक गईं थीं। आज कोर ग्रुप की बैठक में निगम-मंड़ल में एडजस्ट होने वाले नेताओं के नामों पर भी चर्चा की गई।

